मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार पर 50 फीसदी कमीशन का आरोप को लगाने पर प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इंदौर के संयोगितागंज थाने में प्रियंका गांधी, कमलनाथ और अरुण यादव के खिलाफ IPC की धारा 420, 469 के तहत केस दर्ज किया गया है. दरअसल, प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में राज्य सरकार पर 50 फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाया था. इसमें एक पत्र का हवाला दिया गया था.
एफआईआर से प्रियंका गांधी और कमलनाथ की मुश्किलें और बढ़ सकती है. बता दें कि शिवराज सरकार के खिलाफ एक वायरल पत्र को पोस्ट करने के मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ धारा 420 और 469 में FIR दर्ज हुई है. आज इस मामले में बीजेपी ने थाने पर ज्ञापन भी दिया था. जिसके बाद ये एफआईआर दर्ज की गई है.
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश (mp news) में 50 फीसदी कमीशन लेने के आरोप पर प्रदेश की सियासत गरमा हुई है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट में प्रदेश की शिवराज सरकार पर 50 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाया था. जिस पर आज इंदौर बीजेपी कार्यकर्ता प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर संयोगितागंज थाने पहुंचे और ज्ञापन सौंपा था.
जानें पूरा मामला?
बता दें कि मध्यप्रदेश के ठेकेदार संघ द्वारा हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखे जाने के मामले को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शिवराज सरकार पर हमला बोला था. कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा था, मध्य प्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है. कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी. मध्य प्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है. कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी.