नयी दिल्ली। दिल्ली के जंतर मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच बुधवार की देर रात जंतर-मंतर पर भारी बवाल देखने को मिला। खबरों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और पहलवानों के बीच भिड़ंत हो गई। इसके बाद जंतर-मंतर पर भारी संख्या में पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है।
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया ने आरोप लगाया है कि बुधवार रात जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने एक प्रदर्शनकारी को पीटा और घायल कर दिया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट और साक्षी मलिक सहित महिला खिलाड़ियों को पुलिसकर्मियों ने गाली दी। बजरंग ने अन्य प्रदर्शनकारियों से घिरे दो पुलिस अधिकारियों को दिखाया, बोले : उन्हें देखो, वे नशे में हैं। इस बीच विनेश मदद के लिए रो रही साक्षी को सांत्वना देती नजर आईं।
विनेश ने यह भी कहा कि पुलिस अधिकारियों द्वारा पीटे जाने के बाद उनका भाई घायल हो गया। उन्होंने कहा, “मुझे धक्का दिया और गालियां भी दीं।” मारपीट का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इससे पहले बुधवार को आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और अन्य पहलवानों से मुलाकात की, जो भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं और उन्हें मदद करने का आश्वासन दिया।
पहलवान 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं, जो उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद भी हैं। सोशल मीडिया पर दिख रहे कुछ वीडियो में प्रदर्शनकारी पहलवानों को यह आरोप लगाते सुना जा सकता है कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में दो पहलवानों की पिटाई कर रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मियों को बैठे हुए देखा जा सकता है।