शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। थाना सदर बाजार के घंटाघर चमकनी निवासी प्रेमचंद्र रस्तोगी के पुत्र प्रिंस रस्तोगी (18) की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसके तीन साथी व एक अन्य युवक घायल हो गया। चारों कक्षा 10 की परीक्षा देकर लौट रहे थे। छात्र की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
एसपी कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र प्रिंस रस्तोगी शनिवार को अपने साथी प्रियांशु के साथ रामदत्त पंचायत इंटर कॉलेज भावलखेड़ा में परीक्षा देने गया था। उसका आर्ट का पेपर था। सुबह करीब 11 बजे पेपर छूटने पर ये दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रोजा थाना क्षेत्र में सीएचसी भावलखेड़ा के पास तीन बाइक के आपस में टकरा गईं।
टक्कर के बाद तीनों बाइकें सड़क से गुजर रहे टैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार तीन छात्रों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां प्रिंस की मौत हो गई। प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में चीत्कार मच गई। परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।