लखनऊ: पक्षी से टकराने के बाद एयर एशिया की लखनऊ-कोलकाता फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जांच अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जब फ्लाइट सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर उड़ान भर रही थी, उसी वक्त पक्षी सामने आ गया। किसी तरह फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस घटना के बाद से यात्री डरे हुए हैं। इस बीच एयर लाइन प्रशासन पर भी लावरवाही बरतने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक हादसे के वक्त विमान में कुल 180 लोग सवार थे. इनमें विमान के क्रू मेंबर भी शामिल हैं. एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक विमान के इंजन से पक्षियों के टकराने की वजह से इंजन में आग लगने का खतरा रहता है. ऐसी स्थिति में आमतौर पर इंजन काम करना बंद कर देता है. ऐसे हालात में दुर्घटना की आशंका प्रबल हो जाती है. अधिकारियों के मुताबिक विमान के पायलट ने सूझबूझ कापरिचय देते हुए समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया. इससे एक बड़ा हादसा टल गया.
रनवे के दूसरे छोर पर रूका विमान
इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद विमान तो टेकॉफ नहीं कर पाया, लेकिन रूकते रूकते रनवे के दूसरे छोर तक पहुंच गया. तुरंत पायलट ने मामले की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर को दी और विमान से यात्रियों को उतार कर एयरपोर्ट पहुंचाने का आग्रह किया. इसके बाद ग्राउंड क्रू ने तुरंत बस मंगाई और सभी यात्रियों को निकाल कर इस बस से बाहर भेज दिया गया. वहीं थोड़ी देर बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने विमान को वाहन से पुश बैक कर एप्रन पर ला कर खड़ा किया.