हर जगह आवाज दबाई जा रही है, उदाहरण बीबीसी डॉक्यूमेंट्री – राहुल गांधी

लंदन। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर लंदन में BJP और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा हैलंदन में इंडियन जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा, चीन और रूस पर भारत की विदेश नीति, बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर बैन, क्रोनी कैपिटलिज्म और आने वाले आम चुनावों से जुड़े सवालों के जवाब दिए.

राजनीति और जनता: धारणा से प्रदर्शन तक’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मीडिया के साथ बातचीत की और इस कार्यक्रम का संचालन इंडियन जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (आईजेए) के अध्यक्ष दानिश खान कर रहे थे. दर्शकों में ज्यादातर भारत और यूके के पत्रकार शामिल थे.

एक दिन पहले यानी तीन मार्च को भी राहुल गांधी ने यूके के मशहूर शिक्षण संस्थान कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में व्याख्यान दिया था. उसमें भी राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और वह खतरे में है. उन्होंने इसके लिए सत्ताधारी नरेंद्र मोदी की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार बताया था.

‘भारत में मीडिया का दमन’

राहुल गांधी ने कहा, “भारत में हर जगह आवाज दबाई जा रही है, इसका उदाहरण बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री है.”

उन्होंने कहा कि अगर बीबीसी सरकार के खिलाफ खबरें करना बंद कर दे तो उसके खिलाफ मामले गायब हो जाएंगे.

राहुल गांधी ने कहा कि बीबीसी ने अब भारत में ये दमन अनुभव किया है, लेकिन भारत में पिछले नौ सालों से मीडिया को दबाया जा रहा है.

उन्होंने कहा, “पत्रकारों को डराया जाता है. उन पर हमला किया जाता है. उन्हें धमकाया जाता है और सरकार की बात करने वाले पत्रकारों को पुरस्कार दिए जाते हैं.”

राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया था और वे खुद लोकतंत्र का उपदेश दे रहे हैं.

वहीं बीजेपी के दूसरे नेताओं ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने पुलवामा हमले को पाकिस्तान प्रायोजित नहीं बताया.

भारत को बदनाम करने के आरोपों पर क्या बोले?

राहुल गांधी पर भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से ये आरोप लगाती आई है कि वे विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.

ऐसा ही सवाल उनसे भी पूछा गया, जिसके जवाब में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर दिए भाषणों का जिक्र किया.

राहुल गांधी का कहना था कि इन भाषणों में पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने 60 सालों में कुछ नहीं किया और उनकी सरकार आने से पहले देश में भ्रष्टाचार फैला हुआ था. ऐसा बोलकर पीएम मोदी ने उन तमाम मेहनत करने वालों का अपमान किया है जिन्होंने भारत को मजबूत बनाने में अपना योगदान दिया है.

उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं वो भारत के प्रधानमंत्री हैं.”

राहुल गांधी ने साफ तौर पर कहा, “मैंने कभी अपने देश का अपमान नहीं किया है और न ही ऐसा कभी करूंगा.”

उन्होंने कहा कि वे जो कुछ भी बोलते हैं बीजेपी उसे तोड़ मरोड़ कर पेश करती है.

अदानी का जिक्र

पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी अदानी ग्रुप का जिक्र करना नहीं भूले. उन्होंने अदानी ग्रुप को लेकर भारत में सत्ताधारी नरेंद्र मोदी की सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए.

राहुल गांधी ने कहा कि गौतम अदानी तीन सालों में 609वें अमीर आदमी से दूसरे सबसे अमीर आदमी बन गए थे और उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे संबंध हैं.

जब उनसे कश्मीर में मिले 50 लाख टन लिथियम के भंडार और उसकी नीलामी की घोषणा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अदानी ग्रुप की तरफ इशारा किया.

राहुल गांधी ने कहा, “मैं आपको कह सकता हूं कि अदानी हर उस नीलामी में जीतते दिखते हैं जिसमें वे हिस्सा लेते हैं. उन्हें किसी बिजनेस में एंट्री लेने के लिए उसके अनुभव की जरूरत नहीं है. इसलिए मैं भविष्यवाणी कर सकता हूं कि अदानी को वह लिथियम का भंडार मिल सकता है.”

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी के यूके यात्रा के दौरान दिए बयानों को लेकर पलटवार किया.

उन्होंने कहा कि सेना और शहीदों का अपमान करना कांग्रेस की पहचान है. राहुल गांधी ने पहले पुलवामा हमले को कार बम बताकर लीपापोती की और बाद में राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने पुलवामा शहीदों के परिवारों का अपमान सिर्फ इसलिए करती है क्योंकि परिवारों ने अपने अधिकारों की मांग की थी.

केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर बोलते हुए कहा, ”विदेशी धरती पर फिर एक बार राहुल गांधी रोने-धोने का काम कर रहे हैं. नतीजे क्या आएंगे उनको पता था और पेगासस का मुद्दा उनके दिलो-दिमाग पर बैठा हुआ है.”

More From Author

अरविंद केजरीवाल छत्तीसगढ़ पहुंचे, बोले आम आदमी पार्टी की सरकार बनानी बहुत जरूरी

नया विधानसभा भवन

यूपी में बनाया जाएगा नया विधानसभा भवन, इन सुविधाओं से लैस होगी नई इमारत – सतीश महाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *