मुंबई: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को तालिबानी सदस्य होने का दावा करने वाले एक अज्ञात व्यक्ति का मेल मिला है, जिसमें मुंबई में आतंकी हमले की धमकी दी गई है. पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के मुताबिक, एनआईए ने मुंबई पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया, जिसके बाद महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों को अलर्ट पर रखा गया है.
मुंबई पुलिस के सूत्रों ने कहा, ‘धमकी भरा मेल भेजने वाले ने खुद को तालिबानी बताया. उसने कहा कि मुंबई में आतंकी हमला होगा.’ धमकी मेल मिलने के बाद एनआईए ने मुंबई पुलिस के साथ मिलकर सच्चाई का पता लगाने के लिए एक संयुक्त जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, कॉल करने वाले ने दावा किया कि शहर में अंधेरी स्थित इन्फिनिटी मॉल, जुहू के पीवीआर मॉल और एयरपोर्ट के पास सहारा होटल पर तीन बम रखे गए हैं. इसके बाद मुंबई पुलिस ने लक्षित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी. अज्ञात कॉलर को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.