मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने के मामले में पुलिस ने सातवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी जगह-जगह तलाशी अभियान चला रही है. इस घटना को लेकर अभी तक पुलिस ने कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में लगी है.
बता दें कि महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने का यह वीडियो चार मई का बताया जा रहा है, इस वीडियो को कुछ समय पहले ही सोशल मीडिया पर साझा भी किया गया था. जिसके बाद इसके विरोध में पूरे मणिपुर में विरोध प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया.
पीएम ने आरोपियों को सजा दिलाने का दिया आश्वासन
इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि किसी भी सभ्य समाज के लिए ऐसी घटना शर्मिंदा करने वाली हैं. मैं आपको आश्वासन देता हूं कि इस घटना के पीछे जो कोई भी होगा उसे पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. इसके बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने पुलिस को घटना से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया.
अपराधियों की मौत की सजा मिलनी चाहिए- बीरेन सिंह
इस शर्मनाक वीडियो के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने घटना को अमानवीय करार दिया और कहा कि अपराधियों को मौत की सजा मिलनी चाहिए। घटना की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे मानवता के प्रति अपराध बताया और कहा कि उनकी सरकार इस जघन्य अपराध पर चुप नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीडियो देखते ही उन्होंने साइबर अपराध विभाग से इसका सत्यापन करने को कहा और अपराधियों को पकड़ने के लिए अधिकारियों को व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मैं इस मामले में कोर्ट से आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग करूंगा।