UPW Vs GGW WPL : विमेंस प्रीमियर लीग का तीसरा मुकाबला यूपी वॉरयर्स और गुजरात जायंट्स के बीच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। अंतिम ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने 3 विकेट से शानदार जीत हासिल कर ली है।
इस मैच में यूपी वॉरयर्स की ग्रेस हैरिस ने 26 गेंदों पर 59 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स को 170 का लक्ष्य दिया था, जिसे यूपी वॉरियर्स ने 19वें ओवर में हासिल कर शानदार जीत दर्ज़ की है।
यूपी ने गुजरात को तीन विकेट से हराया
यूपी ने गुजरात को तीन विकेट से हरा दिया है। इस टूर्नामेंट में यह गुजरात की लगातार दूसरी हार है। गुजरात ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 169 रन बनाए थे। इसके जवाब में यूपी ने एक गेंद रहते सात विकेट पर 175 रन बनाकर मैच तीन विकेट से अपने नाम कर लिया। यूपी के लिए ग्रेस हैरिस ने 26 गेंद में 59 रन की शानदार पारी खेली और मैच को गुजरात के जबड़े से छीन लाईं। इस टूर्नामेंट में पहली बार कोई टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए जीती है।
मैच में क्या हुआ?
गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 169 रन बनाए। हरलीन देओल ने 46 और गार्डनर ने 25 रन की पारी खेली। दीप्ति और सोफी ने दो-दो विकेट लिए। इसके जवाब में यूपी ने 20 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद किरण नवगिरे और दीप्ति शर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन कीम गर्थ ने पांच विकेट लेकर गुजरात जीत की दहलीज पर खड़ा कर दिया। अंत में ग्रेस हैरिस ने तूफानी अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।