सीमा हैदर

सीमा हैदर के भारत आने पर बौखलाया पाकिस्तान, मंदिर पर रॉकेट लॉन्चरों से हमला

पाकिस्तान से भागकर नेपाल के रास्ते भारत में अपने प्रेमी सचिन के पास ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में आकर रह रही सीमा हैदर की कहानी में नित नये मोड़ आते जा रहे हैं। सीमा तो भारत में अपने प्रेमी के घर में सुरक्षित है लेकिन पाकिस्तान में हिंदू उसके चलते असुरक्षित हो गये हैं। दरअसल पाकिस्तान में कट्टरपंथियों और आतंकी संगठनों ने धमकी दी थी कि यदि सीमा वापस नहीं लौटी तो हिंदु मंदिरों और हिंदुओं पर घातक हमले होंगे। सीमा के वापस नहीं लौटने पर उन्होंने हमलों की शुरुआत कर भी दी है।

सिंध में हिंदुओं और हिंदू मंदिरों पर रॉकेट लांचर दागे गये तो कराची में 150 साल पुराना मंदिर गिरा दिया गया। बताया जा रहा है कि कट्टरपंथियों ने 30 से ज्यादा हिंदुओं को बंधक भी बना लिया है। खास बात यह रही कि जब यह हमले हो रहे थे तब सुरक्षा बल यह सब होते हुए देख रहे थे लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया और हिंदुओं पर हमले के वीडियो बनाते रहे।

सिंध प्रांत में मंदिर पर हमला

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में डकैतों के एक गिरोह ने रविवार को एक हिंदू मंदिर पर रॉकेट लांचर से हमला किया। हमलावरों ने सिंध प्रांत के काशमोर इलाके में स्थानीय हिंदू समुदाय द्वारा निर्मित छोटे मंदिर और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्यों के आसपास के घरों पर हमला किया। हमलावरों ने मंदिर पर अंधाधुंध गोलीबारी की, इस दौरान आसपास के लोग और स्थानीय पुलिस देखती रही। जब मामले ने तूल पकड़ा तब जाकर काशमोर-कंधकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) इरफान सैम्मो के नेतृत्व में एक पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। इरफान सैम्मो ने कहा, ‘‘हमला रविवार तड़के हुआ। जब पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी की और भाग गए। हम इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।’’ पुलिस अधिकारी का अनुमान है कि हमले में आठ या नौ बंदूकधारी शामिल थे।

कराची में 150 साल पुराना मंदिर ढहाया

हम आपको बता दें कि पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। पाकिस्तान की अधिकांश हिंदू आबादी सिंध प्रांत में बसी हुई है जहां वे मुस्लिम निवासियों के साथ संस्कृति, परंपराएं और भाषा साझा करते हैं। इस बीच, कराची में करीब 150 साल पुराने एक हिंदू मंदिर को पुराना और खतरनाक ढांचा बताते हुए ध्वस्त कर दिया गया है। मंदिर ध्वस्त किये जाने के बाद इलाके में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग दहशत में हैं। कराची के सोल्जर बाजार में स्थित मारी माता मंदिर को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से ढहा दिया गया। क्षेत्र में हिंदू मंदिरों की देखभाल करने वाले रामनाथ मिश्रा महाराज ने कहा, ‘‘उन्होंने (अधिकारियों ने) देर रात मंदिर को गिरा दिया और हमें इसकी कोई जानकारी नहीं थी कि ऐसा होने वाला है।

मिश्रा ने कहा कि अधिकारियों ने मंदिर के बाहरी दीवारों और मुख्य द्वार को बरकरार रखा, लेकिन उन्होंने अंदर की पूरी संरचना को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर करीब 150 साल पहले बनाया गया था और कहा जाता था कि मंदिर के प्रांगण में खजाना दबा हुआ था। उन्होंने कहा कि मंदिर 400 से 500 वर्ग गज क्षेत्र में बना था और वर्षों से मंदिर की भूमि को हड़पने का प्रयास किया जा रहा था। स्थानीय थाने के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया, क्योंकि इसे अधिकारियों द्वारा खतरनाक संरचना घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि मंदिर कराची के मद्रासी हिंदू समुदाय द्वारा संचालित था और वे लोग इस बात से सहमत थे कि संरचना बहुत पुरानी और खतरनाक थी। अधिकारी ने कहा कि मंदिर प्रबंधन ने भारी मन से देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को एक छोटे कमरे में स्थानांतरित कर दिया।

 

More From Author

हिमाचल के कुल्लू में बादल फटने से तबाही, एक की मौत, तीन घायल

आर.के. सिन्हा

पंचायत चुनाव प्रबंधन- दीदी जरा सीखें योगी से – आर.के. सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *