नई दिल्ली : देश के 508 रेलवे स्टेशनों (Railway Station) की सूरत जल्द ही बदलने वाली है. पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज इनके पुनर्विकास की नींव रखेंगे. अमृत भारत स्टेशन योजना (Amrit Bharat Station Scheme) के तहत ये 508 रेलवे स्टेशन री-डेवलप किए जाएंगे. बताया जा रहा है कि इनको आगे की 40 सालों की प्लानिंग करके बनाया जा रहा है. इसमें सबसे बड़ा चैलेंज बाकी ट्रैफिक को छेड़े बिना नए काम को करने का है. जिसके लिए पूरी प्लानिंग की जा चुकी है. माना जा रहा है कि अगले दो से ढाई सालों में ये सभी 508 रेलवे स्टेशन नए सिरे से बनकर तैयार हो जाएंगे.
पीएम मोदी ने एक ट्वीट करके कहा कि ‘6 अगस्त रेलवे क्षेत्र (Railways Sector) के लिए एक ऐतिहासिक दिन है. सुबह 11 बजे ऐतिहासिक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरे भारत में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी जाएगी. लगभग 25,000 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला पुनर्विकास हमारे देश में रेलवे के बुनियादी ढांचे की कल्पना में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा. यह ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देगा और आराम के साथ-साथ सुविधा भी बढ़ाएगा. यह सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष ध्यान रखा गया है कि स्टेशन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला के अनुरूप हों.’
क्या बदलाव होने जा रहे हैं?
इस प्रोजेक्ट के तहत स्टेशनों में कई तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे। स्टेशनों पर मॉड्यूलर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की शुरुआत की जाएगी। इसी के साथ ज्यादा स्वच्छ माहौल तैयार किया जाएगा। प्लेटफॉर्मों को मॉडर्न लुक दिया जाएगा। खूबसूरती बढ़ाने के लिए वॉल पेटिंग्स और दिलकश पोट्रेट लगाए जाएंगे।
बढ़ेंगी यात्रियों के लिए सुविधाएं
यात्रियों के लिए सुविधाओं को बढ़ाने की भी तैयारी है। बैठने के लिए बेहतर सीटों के साथ पीने के पानी और लाइटिंग की सुविधा में सुधार किया जाएगा। वेंटिलेशन पर भी काम किया जाना है। फुटओवर ब्रिज के साथ इंडिकेशन बोर्डों को भी ज्यादा टाइटेक बनाया जाएगा। एक्केलेटर और एलीवेटर की सुविधाएं ज्यादा स्टेशनों तक पहुंचाई जाएंगी।