प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के त्रिशूर में BJP महिला सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज-कल देश में मोदी की गारंटी की चर्चा है, लेकिन मैं मानता हूं कि देश की नारी शक्ति ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि की सबसे बड़ी गारंटी हैं। दुर्भाग्य से आजादी के बाद लेफ्ट, कांग्रेस की सरकारों ने, एलडीएफ, यूडीएफ की सरकारों ने नारी शक्ति को कमजोर माना। लेफ्ट और कांग्रेस की सरकारों ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण देने वाले कानून को सालों तक लटकाए रखा, लेकिन मोदी ने आप सभी बहनों को आपका हक देने की गारंटी दी थी और उस गारंटी को पूरा करके दिखाया। ‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम’ अब कानून बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आपको याद होगा जब तक देश में लेफ्ट और कांग्रेस के गठबंधन की सरकारें थीं, तब तक मुस्लिम बहनें तीन तलाक से परेशान थीं। मोदी ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से मुक्ति देने की गारंटी दी थी और उसे ईमानदारी से पूरा भी करके दिखाया। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के लिए चार जातियां सर्वोपरि हैं। जब देश के गरीब, युवा, किसान और महिलाओं का विकास होगा तभी देश का विकास होगा। इसलिए भाजपा सरकार की योजनाओं का बड़ा लाभ इन चार जातियों को सबसे ज्यादा मिला है। हम नारीशक्ति को एक सशक्त फोर्स बनाना चाहते हैं, इसलिए आने वाले समय में हमारी माताओं, बहनों, बेटियों के लिए अवसर ही अवसर आने वाले हैं।