गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस ने भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में मुख्य आरोपित सिंगर समर सिंह को नंदग्राम थाना क्षेत्र से गुरुवार रात दबोच लिया। गाजियाबाद के डीसीपी निपुण अग्रवाल के अनुसार समर सिंह को चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी राजनगर एक्सटेंशन से पकड़ा गया है।
पुलिस का कहना है कि उसे वाराणसी ले जाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आकांक्षा दुबे 26 मार्च को सारनाथ के एक होटल के कमरे में फांसी के फंदे से लटकी मिली थी। उसकी मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। मधु दुबे का कहना था कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। इसका जिम्मेदार समर सिंह और उसका भाई संजय सिंह है।
12 जून 1989 को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जन्में समर सिंह आज भोजपुरी इंडस्ट्री का जाना माना मान हैं. उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई आजमगढ़ से ही पूरी की. गानें का शौक बचपन से था तो वह साथ में छोटे मोटे लाइव शो भी किया करते थे. धीरे-धीरे भोजपुरी इंडस्ट्री में पैर जमाए और प्रसिद्ध भोजपुरी सिंगर बन गए.
दावा किया जा रहा है कि सिंगर समर सिंह एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का बॉयफ्रेंड थे और दोनों में लंबे वक्त से अफेयर चल रहा था. एक्ट्रेस ने 14 फरवरी 2023 को समर सिंह के साथ दो पोस्ट किए थे. एक में दो तस्वीरें थीं, जिसमें वह समर सिंह को प्यार भरी निगाहों के साथ देख रही थीं और कैप्शन में लिखा था हैप्पी वैलेंटाइन्स डे. वहीं, दूसरे पोस्ट में भी दोनों कोजी-कोजी पोज दे रहे थे. हालांकि, कभी समर सिंह ने अपनी तरफ से आकांक्षा संग रिश्ते पर बात नहीं की और न कभी सोशल मीडिया पर ऐसा जाहिर होने दिया. आकांक्षा दुबे भोजपुरी सिंगर समर सिंह के साथ कई रील्स शेयर करती थीं. उनके साथ उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स पर काम भी किया है.
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मधु दुबे का कहना है कि आकांक्षा से समर की मुलाकात तीन साल पहले हुई थी. एक्ट्रेस की मां का आरोप है कि समर सिंह ने शादी का झांसा देकर पहले उनकी बेटी आकांक्षा दुबे से शारीरिक संबंध बनाए और फिर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए और उसी वीडियो के आधार पर आकांक्षा को ब्लैकमेल करता था.
मधु दुबे का आरोप हैं कि समर ने उनकी बेटी से जबरदस्ती कई वीडियो में काम करवाया और उनसे जो भी कमाई हुई. वह सब अपने पास रख ली. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी आकांक्षा, समर सिंह का विरोध करती थी तो वह उसे बुरी तरह मारता-पीटता था. वह आकांक्षा को उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी तक देता था.