नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में नए साल पर हुए सनसनीखेज कंझावला कांड में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सात आरोपियों के खिलाफ रोहिणी कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी है। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सान्या दलाल के समक्ष दायर किए गए लगभग 800 पेज की चार्जशीट में चार आरोपियों के खिलाफ 20 वर्षीय अंजलि सिंह की हत्या करने का आरोप है। बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर, 2022 की देर रात कार से कई किलोमीटर तक घसीटे जाने के चलते अंजलि की मौत हो गई थी।
चार्जशीट में अमित खन्ना, मनोज मित्तल, कृष्णा और मिथुन पर अंजलि की हत्या का आरोप (charged with murder) है। सभी आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने, साक्ष्य नष्ट करने, अपराधी को आश्रय देने, सामान्य मंशा और झूठी सूचना देने और अन्य आरोपों में मुकदमा चलाने की मांग की है। वहीं, आरोपी आशुतोष और अमित खन्ना पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तय 90 दिनों की अवधि में चार्जशीट दाखिल की। कोर्ट ने 28 मार्च को एक अप्रैल तक चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया था।
अंजलि की सहेली को मुख्य गवाह बनाया
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अदालत को बताया कि आरोपियों के खिलाफ जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। 117 गवाहों की सूची और उनके बयान भी पेश किए गए। जांच अधिकारियों ने कहा कि इन गवाहों के बयान आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पर्याप्त हैं। पुलिस ने अंजलि की दोस्त निधि को मुख्य गवाह बनाया है। हादसे के वक्त निधि स्कूटी पर अंजलि के साथ थी।