शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। डोर-टू-डोर कलेक्शन के दौरान घर से कूड़ा न देने वालों की मॉनीटरिंग की जा रही है। नगर निगम को आशंका है कि ये लोग घर के बाहर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाते हैं। अब न सिर्फ इनसे जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि उन्हें कूड़ा प्रेमी का खिताब भी दिया जाएगा।
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम की ओर से तमाम कवायद की जा रहीं हैं। घरों से कूड़ा उठान कराया जा रहा है। ताकि लोग सड़कों पर कूड़ा न फेंके। इसके बावजूद कुछ लोग सहयोग करने के लिए तैयार नहीं हैं। वे सुबह कलेक्शन के लिए आने वाले कर्मचारी को कूड़ा नहीं देते और जब वह चला जाता है तब मौका देखकर सड़कों पर फेंक देते हैं।
नगर निगम फिलहाल ऐसे लोगों को जागरूक करने का काम कर रहा है। इसके लिए कूड़ा उठान की गाड़ियों से संदेश प्रसारित किए जाते हैं। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों की टीमें भी घर-घर जाकर लोगों से अपील की जा रही है कि वे कूड़ा सवेरे आने वाले कर्मचारी को ही दें। साथ ही सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग उपलब्ध कराएं, ताकि उसका प्रबंधन करने में कोई परेशानी न हो। इसके अलावा उनकी मॉनीटरिंग भी हो रही है, जो उठान के दौरान कूड़ा देने से बचते हैं।
चार मार्च से शुरू होगी चालान काटने की प्रक्रिया
स्वच्छ भारत मिशन शहरी के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सैफ सिद्दीकी ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम तीन मार्च तक चलेगा। चार मार्च से जुर्माना वसूलने के लिए चालान कटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लोगों को कोर्ट के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं।