शोहदों की दहशत से पीड़ित छात्रा ने परिवार समेत गांव छोड़ा

शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। थाना निगोही क्षेत्र में शोहदों की दहशत से कक्षा नौ की छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। 26 जनवरी को छात्रा के साथ स्कूल में छेड़छाड़ की गई थी। पीड़िता के रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की। आरोपी समझौते के लिए धमका रहे हैं। दहशत में पीड़िता परिवार समेत गांव छोड़कर अपने मामा के घर आ गई है।
निगोही के एक गांव की रहने वाली किशोरी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। 22 जनवरी को वह अपनी सहेलियों के साथ स्कूल जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार युवकों ने छात्रा के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर युवकों ने सबक सिखाने की चेतावनी दी। छात्रा का आरोप है कि स्कूल में आरोपी युवकों ने उसका हाथ पकड़ लिया। कपड़े फाड़ दिए। गाली-गलौज करते हुए गला भी दबाया।
छात्रा शाम को घर पर लौटी तो बिलख पड़ी। उसने अपने पिता को पूरी जानकारी दी। वह उसे थाने लेकर गए। पुलिस ने बमुश्किल आरोपी शिवम और विशाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। छात्रा का आरोप है कि आरोपी उसे धमका रहे हैं। स्कूल जाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने से उनके हौसले बुलंद हैं। दबंगों के डर के चलते पिछले एक महीने से वह स्कूल नहीं जा रही है।
पीड़िता के पिता ने दहशत के चलते गांव को छोड़कर अपने साले के घर में शरण ली है। छात्रा के पिता के अनुसार, आरोपी सत्तारुढ़ पार्टी से जुड़े हैं। ऐसे में पुलिस कार्रवाई से कतरा रही है। कभी कागज नहीं आने तो कई बार दरोगा के छुट्टी पर होने की बात कहकर परेशान किया जा रहा है। लड़की के बयान भी नहीं दर्ज कराए गए है।
सीओ सदर अमित चैरसिया ने बताया कि पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज किए जाने हैं। पुलिस छात्रा के घर गई थी लेकिन वहां पर कोई नहीं मिला। छात्रा के बयान दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

17 साल के लड़के ने जहर खाकर दी जान

13 मार्च को 1313 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *