शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। बंधुआ मजदूरी की प्रथा को खत्म करने को लेकर श्रम विभाग एवं एसडीएम के द्वारा गोष्ठी का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करने की अपील की।
सोमवार को तहसील सभागार में एसडीएम राशि कृष्णा ने कहा कि सभी लोग मिलकर एवं लोगों को जागरुक कर बंधुआ मजदूरी प्रथा को समाप्त करें। बंधुआ मजदूरी कोई भी कराता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराएं। आपसी तालमेल से बंधुआ मजदूरी क्षेत्र से खत्म करने की सभी लोग शपथ लें। इसके साथ ही ऐसे मजदूरों का पुनर्वास कराना भी सरकार का लक्ष्य है। श्रम विभाग के निरीक्षक घनश्याम वर्मा ने कहा कि बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराए जाने पर महिला को पुनर्वास के लिए दो लाख और पुरुष के लिए एक लाख रुपए तक सरकार द्वारा दिया जाता है। इसके बाद यह मजदूर दोबारा बंधुआ मजदूरी में पाया जाता है तो योजना का लाभ नहीं मिलेगा और कार्रवाई की जाएगी।