‘यात्रा जारी है, जब तक नफरत खत्म नहीं हो जाती’, राहुल गांधी ने किया ये वादा

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा शुरू होने की आज पहली वर्षगांठ है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में नफरत खत्म होने तक यात्रा जारी रहेगी। राहुल गांधी ने भाजपा जोड़ो यात्रा शुरू होने का एक साल पूरा होने पर कहा कि ‘एकता और प्रेम की ओर भारत जोड़ो यात्रा के करोड़ों कदम देश के बेहतर कल की नींव बन गए हैं।’

4000 किलोमीटर की यात्रा में की 100 से ज्यादा नुक्कड़ सभाएं

सोशल मीडिया पर साझा किए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि ‘यात्रा जारी है- जब तक नफरत खत्म नहीं हो जाती, जब तक भारत एकजुट नहीं हो जाता। यह मेरा वादा है।’ राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब 4000 किलोमीटर की पैदल यात्रा की थी। इस दौरान राहुल गांधी ने 12 सार्वजनिक बैठकें की, 100 से अधिक नुक्कड़ सभाएं और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। भारत जोड़ो यात्रा के बाद से राहुल गांधी की छवि एक परिपक्व नेता की बनी है। इससे पहले राहुल गांधी की राजनीतिक प्रतिबद्धताएं सवालों के घेरे में रहती थीं लेकिन भारत जोड़ों यात्रा के बाद से राजनीतिक रूप से राहुल गांधी एक गंभीर नेता के तौर पर उभरे हैं।

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ”भारत जोड़ो यात्रा के एकता और प्रेम की ओर उठाए गए करोड़ों कदम देश के बेहतर कल की नींव बन गए हैं। नफरत खत्म होने और भारत एक होने तक यात्रा जारी है। ये मेरा वादा है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी 4,000 किलोमीटर की यात्रा की सराहना की और कहा कि जनता यह आंदोलन इतिहास में अद्वितीय है।

उन्होंने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा एक जन आंदोलन है, इसका इतिहास में कोई मुकाबला नहीं है। आज यात्रा का एक साल पूरा होने पर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से मैं राहुल गांधी, सभी भारत यात्रियों और उन लाखों नागरिकों को बधाई देता हूं, जो इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल हुए। कन्याकुमारी से कश्मीर तक, भारत जोड़ो यात्रा ने 4000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की और जीवन के सभी क्षेत्रों के लाखों लोगों के साथ विविधता में एकता का संदेश दिया।”

कई हस्तियों ने की थी भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई हस्तियों और प्रमुख लोगों ने उनसे मुलाकात की। इनमें कमल हासन, पूजा भट्ट, रिया सेन, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्म और टीवी हस्तियां भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। इनके अलावा पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) दीपक कपूर, पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल (सेवानिवृत्त) एल रामदास समेत कई लेखक और पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन आदि भी राहुल गांधी के साथ दिखाई दिए। राजनीति जगत से फारुख अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती, आदित्य ठाकरे, प्रियंका चतुर्वेदी और संजय राउत जैसे नेता भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।

More From Author

गैस सिलिंडर ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, मची अफरा -तफरी…

Jawan Movie Review: शाहरुख खान की फिल्म देख नाचने लगे दर्शक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *