देश में कोरोना वायरस के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। आज यानी बुधवार की बात करें तो पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1134 नए मामले सामने आए हैं। कल की तुलना में नए केस के मामले में 435 केस का इजाफा हुआ है। इससे पहले मंगलवार को एक दिन में 699 नए केस आए थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना के 4 करोड़ 46 लाख 98 हजार 118 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। कल राजधानी दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और दक्षिण राज्य केरल में कोरोना महामारी से एक-एक मरीज की मौत हुई, जिसके बाद अब तक इस महामारी से 5 लाख 30 हजार 813 लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर अब 4 करोड़ 41 लाख 60 हजार 279 हो गई है, जबकि डेथ रेट 1.19 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, डेली पॉजिटिविटि रेट 1.09 फीसदी दर्ज किया गया है। जबकि वीकली पॉजिटिविटि रेट 0.98 फीसदी आंका गया। मंत्रालय ने यह भी बताया कि सक्रिय मामलों में अब कुल संक्रमणों का 0।02 फीसदी शामिल है, जबकि नेशनल रिकवरी रेट 98.79 फीसदी दर्ज किया गया है।