प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो नई वंदे भारत ट्रेनों को मुंबई में दिखाई हरी झंडी

Vande Bharat Train : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने शुक्रवार को मुंबई से शिरडी और सोलापुर के लिए दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में एक कार्यक्रम में मोदी ने सबसे पहले सीएसएमटी-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस  को हरी झंडी दिखाई और बाद में अहमदनगर जिले के साईंनगर शिरडी मंदिर शहर को वित्तीय राजधानी से जोड़ने वाली एक अन्य सेमी हाई-स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.

मध्य रेलवे (सीआर) के एक अधिकारी ने कहा कि सीएसएमटी (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस)-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन में कैटरिंग सेवा के बिना एक तरफ का किराया चेयर कार के लिए 1,000 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 2,015 रुपये होगा, जबकि खानपान के साथ दोनों श्रेणियों का किराया क्रमशः 1,300 रुपये और 2,365 रुपये होगा.

उन्होंने कहा कि सीएसएमटी से साईनगर शिरडी के लिए कैटरिंग सेवा के बिना एक तरफ की यात्रा का टिकट चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए क्रमश: 840 रुपये और 1670 रुपये होगा, जबकि खानपान सेवा के साथ टिकट की कीमत क्रमशः 975 रुपये और 1840 रुपये होगी.

क्या है नई वंदे भारत ट्रेन का रूट

मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस देश की वाणिज्यिक राजधानी और प्रमुख कपड़ा शहर के बीच 455 किलोमीटर की दूरी 6 घंटे 30 मिनट में तय करेगी. इससे दोनों शहरों के बीच सम्पर्क में सुधार होगा और सोलापुर में सिद्धेश्वर, अक्कलकोट, तुलजापुर, पंढरपुर और पुणे जिले में आलंदी जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों की यात्रा करने में सुविधा भी होगी.

मुंबई-साईनगर शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस भारत के सबसे संरक्षित मंदिर शहरों में से एक और नासिक, त्र्यंबकेश्वर और शनि सिंगणापुर के अन्य तीर्थस्थलों तक की 343 किलोमीटर की यात्रा करने में 5 घंटे 25 मिनट का समय लेगी, जो वर्तमान में लगने वाले समय से लगभग दो घंटा कम है.

कितना समय बचेगा

मौजूदा सुपरफास्ट ट्रेन मुंबई-सोलापुर की दूरी तय करने में 7 घंटे 55 मिनट का समय लेती हैं, वंदे भारत दादर, कल्याण, पुणे और कुर्दुवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव के साथ इसे साढ़े 6 घंटे में पूरा करेगी. सीएसएमटी-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस सीएसएमटी से शाम 4.05 बजे रवाना होगी और रात 10.40 बजे सोलापुर पहुंचेगी, जबकि यह सोलापुर से सुबह 6.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.35 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी. यह बुधवार को सीएसएमटी से और बृहस्पतिवार को सोलापुर से नहीं चलेगी. सीआर अधिकारियों ने कहा कि सीएसएमटी-साईनगर शिरडी ट्रेन, देश की 10वीं वंदे भारत ट्रेन होगी, यह मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी.

 

More From Author

एसएस कालेज की रासेयो इकाई ने महिला सशक्तीकरण पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया

कृति वर्मा

कृति वर्मा पर ईडी ने कसा शिकंजा, 263 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में आया अभिनेत्री का नाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *