गरियाबंद। जिले की ग्राम पंचायतों में लंबित भुगतान और आर्थिक संकट को लेकर जिला सरपंच संघ के नेतृत्व में सरपंचों, उपसरपंचों और पंचों ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिलेभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने हाथों में कटोरा और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान पंचायतों की आर्थिक बदहाली को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाते हुए कटोरा लेकर शासन-प्रशासन से लंबित राशि जारी करने की मांग की गई।
हाथों में कटोरा लेकर बैठे प्रदर्शनकारी
रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर सिविल लाइन होते हुए बस स्टैंड पहुंची। यहां से प्रदर्शनकारी तिरंगा चौक पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में पहुंचे सरपंच, उपसरपंच और पंच हाथों में कटोरा लेकर तिरंगा चौक पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्य कराने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
8 महीने से अटकी है मनरेगा की राशि
जिला सरपंच संघ द्वारा शासन-प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि जिले की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत लगभग 30 करोड़ रुपये के कार्य कराए जा चुके हैं, लेकिन मजदूरी और सामग्री की राशि करीब 8 महीने से लंबित है। इसके अलावा मूलभूत और 16वें वित्त आयोग की राशि जारी नहीं होने से पंचायतों का नियमित संचालन और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मूल्यांकन एवं सत्यापन पूरा होने के बावजूद कई निर्माण कार्यों का भुगतान 5 से 6 महीने से अटका हुआ है। वहीं उपसरपंचों और पंचों का मानदेय भी लंबित है।
दीपावली से पहले भुगतान की मांग
सरपंच संघ ने प्रमुख रूप से मनरेगा की लंबित मजदूरी एवं सामग्री राशि तत्काल जारी करने, मूलभूत और 16वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध कराने, पंचायत कर्मचारियों का भुगतान सुनिश्चित करने के साथ उपसरपंचों और पंचों का बकाया मानदेय जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही मूल्यांकन और सत्यापन पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की राशि जारी करने के साथ ही लंबित फाइलों का शीघ्र निराकरण करने की मांग उठाई गई। हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
मांगें पूरी नहीं होने पर दी चक्काजाम की चेतावनी
जिला सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि दीपावली से पहले लंबित भुगतान और अन्य मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो संघ आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तैयार करेगा। इसके तहत लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से घेराव और चक्काजाम जैसे आंदोलन किए जाएंगे। संघ ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत, ग्रामीण विकास मंत्री सहित कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर पंचायतों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
प्रदर्शन में कौन-कौन शामिल ?
प्रदर्शन में जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू, संरक्षक पन्ना लाल ध्रुव, कार्यकारी अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव, कोषाध्यक्ष हलमन ध्रुवा, सचिव पवन सिंह यादव सहित जिला उपाध्यक्ष पद्मा मोती निषाद (फिंगेश्वर), घनश्याम मरकाम (मैनपुर), चम्पेश्वर ध्रुव (छुरा), नरेंद्र ध्रुव (गरियाबंद), रोशनी प्रधान (देवभोग) के साथ जिलेभर से पहुंचे सरपंच, उपसरपंच और पंच शामिल हुए।
