Raigarh News: शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़: वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, डोंगीतराई में 70 लाख की लागत से स्कूल अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन

रायगढ़, 4 जनवरी 2026/ वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज डोंगीतराई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इसके अंतर्गत 06 अतिरिक्त कक्ष, 02 स्टाफ रूम, 01 प्राचार्य कक्ष तथा बालक-बालिका शौचालय का निर्माण किया जाएगा। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा तथा विद्यालय में बढ़ती छात्र संख्या की समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ होती है और सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य में सरकार के गठन के बाद से जनहित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि डोंगीतराई पंचायत की 502 महिलाओं को अब तक लगभग 1 करोड़ 54 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। वहीं महतारी शक्ति ऋण योजना के माध्यम से महिलाओं को कम ब्याज दर पर 25 हजार रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।


वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि डोंगीतराई एवं भरारीडीह पंचायत में 502 हितग्राहियों को पक्के आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिसके लिए करोड़ों रुपए की राशि जारी की गई है। उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, रामलला दर्शन योजना एवं तीर्थ यात्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। वित्त मंत्री ने बताया कि विद्यालय परिसर के समग्र विकास एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए डीएमएफ मद से भी आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राधेश्याम राठिया, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, महेश साहू, जनपद अध्यक्ष सुजाता चौहान, सनत नायक, जिला पंचायत सदस्य गोपाल अग्रवाल एवं मधु पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

More From Author

Raigarh: दिव्यांगजनों की आँखें खुशी से हुईं सजल मिला नयी जिंदगी का सहारा, छत्तीसगढ़ मारवाड़ी युवा मंच शाखा रायगढ़ की अभिनव पहल

Raigarh News: अवैध खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्रवाई, 31 वाहन जप्त, कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग का सघन अभियान