जलालाबाद/शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। आज बेसिक शिक्षा विभाग विकासखंड जलालाबाद द्वारा हमारा आँगन हमारे बच्चे नामक कार्यक्रम के अंतर्गत उत्सव का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख लता सिंह, ईओ दयाशंकर शर्मा, सीडीपीओ कमलेश यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। तत्पश्चात बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अच्छा काम करने वाले ग्राम प्रधान, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरि प्रकाश वर्मा कहा कि वर्तमान में परिषदीय विद्यालयो की शिक्षा कान्वेंट स्कूल से बेहतर होती जा रही है विद्यालयों के बच्चे हर स्तर पर अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी प्रतिभा को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय में शैक्षिक माहौल को और बेहतर करने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जिसके माध्यम से बच्चों के अंदर शैक्षिक व्यवस्था के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के सभी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था मिले जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो इसके लिए हम खंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षकों के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख लता सिंह बालिका शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया उन्होंने कहा कि शिक्षक हर घर जाकर बालिकाओं का शत प्रतिशत नामांकन विद्यालय में करें और उनके परिवार को भी मोटिवेट भी करें। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह ने विकासखंड में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में बताया और सभी से शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए अनुरोध करते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।