एसीएमओ ने 15 दिन में सभी दस्तावेज दिखाने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। चैक कोतवाली इलाके की काशीराम कॉलोनी में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित होने की सूचना पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रोहिताश ने छापा मारा। इस दौरान उन्होंने संचालक को नोटिस जारी कर 15 दिनों में संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने अन्यथा की स्थिति में क्लीनिक का संचालन बंद किए जाने के लिए निर्देशित किया। नोटिस अवधि पूर्ण होने के बाद एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को एसीएमओ डॉ रोहिताश काशीराम कॉलोनी पहुंचे। यहां उन्होंने एक आवास में चल रहे क्लीनिक पर छापा मारा। पूरे क्लीनिक की वीडियोग्राफी कराई गई। उन्होंने क्लीनिक का संचालन कर रहे अजय शुक्ला नाम के व्यक्ति से चिकित्सकीय डिग्री या दवा वितरण का लाइसेंस दिखाने के लिए कहा तो वह नहीं दिखा सका। इसके बाद उन्होंने क्लीनिक पर रखी दवाओं को चेक किया। एसीएमओ डॉ रोहिताश ने बताया कि उक्त क्लीनिक के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इस संबंध में छापेमारी कार्रवाई की गई है। मौके पर मौजूद क्लीनिक का संचालन कर रहा व्यक्ति कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। उसे नोटिस जारी किया गया है। 15 दिनों के भीतर दस्तावेज दिखाने या क्लीनिक बंद करने के लिए निर्देशित किया गया है। समयावधि पूर्ण होने के बाद भी क्लीनिक का संचालन पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।