शाहजहांपुर (सूवि)। नगर मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह ने गुरुवार को थाना आर.सी. मिशन में बैठक कर प्रत्येक वर्ष होली के अवसर पर आयोजित होने वाले छोटे लाट साहब के जुलूस की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जुलूस के दृष्टिगत तैनात किए जाने वाले एस.पी.ओ. की सूची की पुनः जांच कर उपयोगिता एवं कार्यकुशलता देख ली जाये। जुलूस एवं होली के पर्व के दृष्टिगत निरोधात्मक कार्यवाही समय से किए जाने के निर्देश भी नगर मजिस्ट्रेट ने दिए। उन्होंने पूर्व के आयोजनों के विषय में उपस्थित लोगों से फीडबैक लिया एवं शांतिपूर्ण आयोजन की अपील भी की। नगर मजिस्ट्रेट ने सम्पूर्ण आयोजन की वीडियोग्राफी कराए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होने नगर निगम एवं पी0डब्लू0डी0 के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जुलूस के मार्ग को ठीक कराया जाये। साथ ही उन्होने आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत भी आवश्यक निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।
बैठक के दौरान सी0ओ0 सिटी अखण्ड प्रताप सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।