जश्न के रूप में मनेगा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

आसमां है आगे कार्यक्रम में किशोरियों ने सीखे सुरक्षा के तरीके
आठ मार्च तक पूरे प्रदेश में आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) इस साल पूरे प्रदेश में एक जश्न के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत आठ मार्च तक जिलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा इस साल की थीम- डिजिटऑल-लैंगिक समानता हेतु नवाचार और प्रौद्योगिकी को ध्यान में रखते हुए तय की गयी है। इसका उद्देश्य सभी महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण व लैंगिक समानता के लिए डिजिटल युग में नवाचार, तकनीकी परिवर्तन और शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूकता लाना है। इससे उनमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता भी आएगी।
गौरव मिश्रा जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया डिजिटल प्रौद्योगिकी प्रगति-2030 के लिए लक्षित सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के अपार अवसर भी प्रदान करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक से आठ मार्च तक की गतिविधियाँ तय की गयीं।
इसके तहत एक और दो मार्च को जिलों में “हममें है दम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत उन महिलाओं को जिन्होंने समाज की रुढियों और पूर्वाग्रहों से संघर्ष कर खुद से शुरू किये गए नवाचारों, तकनीक का प्रयोग या डिजिटल शिक्षा के माध्यम से खुद या समाज में दूसरी महिलाओं की प्रेरणास्रोत बनीं उनके बारे में समाज को अवगत कराया गया। इसके लिए सोशल मीडिया कैम्पेन भी चलाया गया।
शुक्रवार (03 मार्च) को जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में ब्लॉक जलालाबाद ग्राम पंचायत नयागांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नयागांव गुड़लिया मे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दूसरे दिन आसमा है आगे कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बालिकाओं को सुरक्षा मुद्दों के प्रति जागरूक किया एवं आश्रित संदिग्ध स्थानों की पहचान करके संबंधित पुलिस चैकी को इसकी सूचना देगी ताकि बालिकाओं को विद्यालय एवं अन्य जरूरी काम से बाहर आने जाने में सुरक्षा महसूस हो।
महिला शक्ति केंद्र के जिला समन्वयक मिश्रा ने विद्यालय की बालिकाओं को रास्ते में होने वाली छेड़छाड़ के कारण हो रहे शारीरिक व मानसिक शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के प्रति जोर दिया। उन्होंने कहा कि बालिका अपनी परेशानियों को अपने घर एवं शिक्षिका से खुलकर व्यक्त करना सीखें तभी उनका समाधान हो पाएगा। प्रधानाध्यापक उषा रानी ने बालिकाओं से व्यक्तिगत रूप से सवाल-जवाब किए।
शकील त्यागी सहायक अध्यापिका ने बताया महिलाएं 24 घंटे उपयोग आने वाली पुलिस हेल्पलाइन 112 की मदद से स्वयं अथवा औरों को मदद दिलवा सकती हैं।
उन्होंने बताया आज चार मार्च को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समुदाय की प्रेरक महिलाओं (गैर राजनीतिक) के लिए गपशप लंच का आयोजन किया जायेगा। आयोजन में स्थानीय कलाओं और कलाकारों को शामिल कर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
पांच मार्च को कार्यस्थल पर लैंगिक समानता विषय पर जनपद स्तरीय सेमिनार, गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजनों में प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जायेगा।
छह मार्च को मेगा इवेंट “अनंता” का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत समाज में बदलाव लाने के लिए प्रयासरत महिलाओं जैसे-नवाचारों, तकनीक या डिजिटल शिक्षा का इस्तेमाल कर समाज या अपने जीवन में बदलाव लाने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियों को जनपद स्तर पर टीवी, रेडियो, एफएम, कम्युनिटी रेडियो, टॉक शो आदि के माध्यम से जन-जन तक प्रसारित किया जाएगा। इसमें एंटरप्रेन्योरर, उद्यमी, चेंज एजेंट्स, समाजसेवी या समाज की रुढियों व पूर्वाग्रहों से संघर्ष कर आगे सफल जीवनयापन करने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियों को भी शामिल किया जा सकता है। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की इन महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
सात या आठ मार्च को सुविधा के अनुसार शुभ होली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इन सभी कार्यक्रमों के आयोजनों के फोटोग्राफ और अन्य सामग्री महिला कल्याण विभाग और अन्य अधिकारियों के ट्विटर हैंडल से प्रसारित की जायेगी।

More From Author

सड़क हादसे में बाइक सवार घायल

नडेला से अजय बांगा तक – क्यों सफल होते भारतवंशी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *