मुंबई। महाराष्ट्र के उल्हास नगर में एक शख्स ने पुलिस पर अपने भाई और भाभी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कैमरे के सामने अपनी अंगुली काट ली. इस घटना का वीडियो वायरल हो गया. शख्स ने पुलिस पर मामले की ठीक से जांच न करने का भी आरोप लगाया है. वीडियो में धनंजय नानावरे चेतावनी देते हुए कहता दिख रहा है कि ‘अगर राज्य सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो वह हर हफ्ते शरीर का एक अंग काट लेगा.’ उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में एक मंत्री शामिल था और उनके भाई ने मौत से पहले उसका नाम लिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. धनंजय ने खंजर से अपनी अंगुली काटने से पहले कहा, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता वह हर हफ्ते शरीर का एक हिस्सा काटकर सरकार को भेजेंगे.