No Confidence Motion: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने आज मोदी और योगी पर जोरदार हमला बोला। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरा तो दूसरी ओर सांसद डिंपल यादव ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जारी बहस में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा।
अखिलेश और डिंपल ने आज जो तेवर लखनऊ और दिल्ली में दिखाये वह दर्शाता है कि आने वाले चुनावों में पति पत्नी की यह जोड़ी भाजपा से सीधे मुकाबले के लिए तैयार है। हम आपको याद दिला दें कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद डिंपल यादव मैनपुरी संसदीय सीट पर उपचुनाव जीतकर संसद पहुँची थीं।
अखिलेश यादव का विधानसभा में भाषण
उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने प्रदेश में बेरोजगारी और शिक्षा के संबंध में सवाल पूछते हुए योगी सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी बढ़ रही है, शिक्षा का बुरा हाल है और कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। इसके बाद, अखिलेश यादव की ओर से किये गये हमलों और सवालों का जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री योगी मुस्कुराते हुए खड़े हुए और उन्हें जोरदार तरीके से आईना दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा है कि नेता विरोधी दल को भी अब जनसंख्या की चिंता होने लगी है। उन्होंने कहा कि इसी को नियंत्रित करने के लिए हम लोग समान कानून की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चलिए समाजवादियों में कुछ तो प्रोग्रेस हुई है। प्रगति के बारे में सोचना अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि अभी एक सदस्य ने बेसिक शिक्षा के विषय में एक प्रदेश, एक कोर्स और एक मूल्य को लेकर सवाल पूछा था। इसमें एक देश और एक कानून को भी जोड़ देते तो अच्छा होता। सीएम योगी ने बेरोजगारी दर को लेकर कहा कि बेरोजगारी दर जो 2017 से पहले 19 फीसदी थी, वो आज 3 से 4 के बीच रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के जो अवसर सृजित हुए हैं, उसी की वजह से बेरोजगारी दर में कमी आई है।