नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिर गए, जिसके बाद उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बाथरूम के अंदर पैर फिसलने की वजह से सत्येंद्र जैन गिरे थे।
बता दें कि सत्येंद्र जैन को बीते एक हफ्ते में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले 22 मई को भी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में तिहाड़ जेल में बंद पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची थी। रीढ़ की हड़्डी में तकलीफ होने की वजह से उनको अस्पताल लाया गया था। जेल में रहने के दौरान सत्येंद्र जैन का वजन 35 घट गया है।
एक हफ्ते में दूसरी बार हॉस्पिटल पहुंचे जैन
जेल प्रवक्ता अरविंद कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में कोई गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि उनकी रीढ़ की हड्डी में परेशानी है। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी इसी परेशानी के चलते सफदरजंग अस्पताल में उनकी जांच कराई गई थी। इससे पहले भी वे जेल के बाथरूम में गिर गए थे और उन्हें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी।
35 किलो कम हुआ सत्येंद्र जैन का वजन
पिछले हफ्ते सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन के वकील ने कोर्ट में कहा था कि जेल में सत्येंद्र जैन का वजन करीब 35 किलो कम हो गया है। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। इससे पहले गुरुवार (18 मई) को सुप्रीम कोर्ट ने सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जवाब मांगा था।