प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने साथ देखा चौथे टेस्‍ट मैच

अहमदाबाद। भारत और आस्ट्रेलिया के संबंध नयी ऊँचाई पर पहुँच गये हैं। आज दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की जो तस्वीरें सामने आई हैं वह दर्शा रही हैं कि यह दोनों देश अपने संबंधों को और गहराई देने के लिए भी तैयार हैं। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज ने आज गुजरात के अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2023 के अंतिम टेस्ट मैच के पहले दिन का मैच देखा। मैच की शुरुआत से पहले दोनों नेता सुबह अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पहुंचे और दोनों ने गोल्फ कार्ट (गोल्फ खिलाड़ियों को गोल्फ कोर्स ले जाने में इस्तेमाल होने वाला छोटा मोटर वाहन) में स्टेडियम का ‘लैप ऑफ ऑनर’ लगाया।

इस दौरान मोदी और अल्बानीज ने अपने-अपने देश की क्रिकेट टीम के कप्तानों रोहित शर्मा और स्टीव स्मिथ को टेस्ट कैप भी सौंपी। टेस्ट मैच देखने के लिए दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमियों ने गोल्फ कार्ट पर सवार मोदी और अल्बानीज का तालियां बजाकर स्वागत किया। मोदी और अल्बानीज ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की और जब भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रगान बजाए गए तो वे खिलाड़ियों के साथ खड़े थे। दोनों प्रधानमंत्रियों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ‘हॉल ऑफ फेम संग्रहालय’ का भी दौरा किया। हम आपको बता दें कि अल्बानीज बुधवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे थे। उन्होंने शहर में आयोजित कुछ कार्यक्रमों में शिरकत की थी। वहीं, मोदी बुधवार देर रात अहमदाबाद पहुंचे थे।

हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले साल राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन के दौरान एक लाख 10 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं लेकिन इसका नाम बदलने के बाद से पहली बार वह यहां टेस्ट मैच देख रहे हैं। मोदी और अल्बानीज का दौरा भारत और आस्ट्रेलिया की दोस्ती के 75 साल पूरे होने से जुड़े जश्न का हिस्सा है। माना जा रहा है कि आज पहले दिन एक लाख दर्शकों के मौजूद रहने की उम्मीद है। यह भी भारत में एक रिकॉर्ड होगा क्योंकि इससे पहले सर्वाधिक दर्शक ईडन गार्डंस पर क्रिसमस टेस्ट मैचों के दौरान (88000 से 90000) मौजूद थे। बाद में उसकी दर्शक क्षमता घटाकर 67000 कर दी गई थी। मैच के दो सौ और 305 रुपये वाले 75000 टिकट पहले ही बिक चुके थे। स्टेडियम के बाहरी परिसर में दोनों प्रधानमंत्रियों की तस्वीरों वाले कई होर्डिंग लगे हैं।

More From Author

WPL 2023

WPL 2023 में आज मुंबई और दिल्ली के बीच होगा मुकाबला

नीतीश से बगावत

नीतीश से बगावत का इनाम! उपेंद्र कुशवाहा को मिली वाई प्लस सुरक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *