शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। होली पर लाट साहब का जुलूस कड़ी सुरक्षा घेरे में निकाला जाएगा। इसे लेकर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुटा है। लाट साहब के जुलूस के रूट पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को तिरपाल से ढका जा रहा है। अधिकारी बताते हैं कि होली से पूर्व ही रंग खेलना शुरू हो जाता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों पर तिरपाल डालकर पहले ही सुरक्षा कर ली गई ताकि किसी धार्मिक स्थल पर रंग न पड़े। शहर के अंटा चैराहा, सदर बाजार, चैक क्षेत्र में जुलूस के रास्ते वाले धार्मिक स्थलों पर तिरपाल डाल दिए गए हैं।
होली के मौके पर लाट साहब के पांच जुलूस निकाले जाते हैं। सबसे ज्यादा बड़े और छोटे लाट साहब को लेकर पुलिस चिंतित रहती है। एक व्यक्ति को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी से घुमाया जाता है। लाट साहब पर जूता-चप्पलों के साथ रंगों की बौछार होती है। यह परंपरा करीब 300 साल पुरानी है। आरसी मिशन और चैकसी से निकलने वाले जुलूस में सबसे ज्यादा हुड़दंग होने के कारण पुलिस को यहां पर ज्यादा प्रबंधन करना पड़ता है।
आरसी मिशन के सरायकाइयां से निकलने वाला लाट साहब का जुलूस सबसे ज्यादा संवेदनशील माना जाता है। यह मिश्रित आबादी के बीच से निकलता है। पुलिस को यहां पर अधिक पसीना बहाना पड़ता है। इसलिए यहां पर ड्रोन कैमरे के जरिये छतों की निगहबानी की जाएगी। छतों पर पुलिस फोर्स भी तैनात की जाएगी। जुलूस को लेकर एसपी, एएसपी, सीओ और प्रशासनिक अधिकारियों ने थानावार शांति समिति की बैठक कर क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को सुन लिया है। एडीजी जोन और आईजी में दौरा कर चुके हैं।
होली पर लाट साहब के जुलूस के निर्धारित मार्गों पर हाईटेंशन बिजली लाइनों की मरम्मत का काम शुरू किया गया है। पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन (सिटी) अरविंद कुमार ने बताया कि लाट साहब के जुलूस मार्गों पर डीएम के निर्देशानुसार दो दिन में बिजली नेटवर्क ठीक किया जाना है। यह काम इतनी शीघ्रता से हो रहा है कि संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को फीडर बंद रखे जाने की पूर्व सूचना देना संभव नहीं हो सका। शहर के अन्य मार्गों पर हाईटेंशन लाइनों और ट्रांसफार्मरों को ठीक कराया जा रहा है।