शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। लखनऊ दिल्ली नेशनल हाईवे पर आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ के गेट संख्या एक के पास लगा सरकारी पाकड़ का पेड़ काट दिया गया। अहम बात यह है कि यहां से वन विभाग कार्यालय की दूरी महज 500 मीटर की है। शिकायत के बावजूद वन विभाग की ओर से मामले में अब तक ना तो केस काटा गया और ना ही लकड़ी बरामद की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ के गेट संख्या एक के पास बरसों पुराना पाकड़ का पेड़ खड़ा था। पेड़ के चारों ओर चबूतरा भी बनाया गया था। इसकी छांव में मवेशी आकर बैठते थे। उक्त पेड़ संरक्षित क्षेत्र में है। वन विभाग की लापरवाही के चलते उक्त पेड़ को तने से अज्ञात लोगों ने काट दिया और लकड़ी चुरा ले गए। खास बात यह है कि जहां पेड़ काटा गया है वहां से वन विभाग कार्यालय और सदर रेंज की दूरी महज 500 मीटर की है। इसके बावजूद भी विभागीय अफसर मामले से अंजान बने हुए हैं। स्थानीय दुकानदारों ने मामले की शिकायत प्रभागीय वन अधिकारी वन एवं जंतु प्रभाग कार्यालय में की थी इसके बावजूद भी कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। वन क्षेत्राधिकारी सदर टीसी पंत ने बताया कि वन दारोगा सुशील कुमार को मामले की जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पेड़ कटान करने वाले के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।