G20: केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं से किया संवाद, कहा- देश में रोजगार परक होनी चाहिए शिक्षा

जो हमें रोजगार, स्वरोजगार और कारोबार करने के लायक न बनाए वह शिक्षा अधूरी है। देश में ऐसी शिक्षा होनी चाहिए जो रोजगार परक हो।” केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रायपुर में Y-20 के तहत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उक्त बातें कहीं। दरअसल, शनिवार को केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर नेहरू युवा केंद्र संगठन छत्तीसगढ़ द्वारा रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां युवा संवाद तथा Y-20 कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

विश्व की सबसे बड़ी युवा शक्ति भारत की

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नव युग का नव सृजन तुम्हारे हाथ में है, उठो जागो आगे बढ़ो। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने उनसे कहा कि हमारे देश के युवाओं में बहुत प्रतिभा है। स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं। हमारे देश के युवा रोजगार लेने वाले नहीं देने वाले बनना चाहते हैं। टेक्नोलॉजी का हम उपयोग कर सकते हैं। उनकी मुश्किलों को कम करना है। दुनिया के लोग हमारे देश की तरफ देख रहे थे। विश्व की सबसे बड़ी युवा शक्ति भारत की है। उन्होंने कहा कि इस युवा शक्ति को पीएम ने देखा। सात साल पहले देश में स्टार्टअप की संख्या बहुत कम थी, आज 90 हजार स्टार्टअप और 107 यूनिकार्न हैं। दुनिया का तीसरा स्टार्टअप इको सिस्टम हमारा देश है। एक कंपनी की वैल्यूएशन आठ हजार करोड़ है। जो तीन-तीन पीढ़ी नहीं कर पाई, दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनी नहीं कर पायी, वो हमारे देश के युवा आठ साल में कर दिखाया। यही हमारे युवाओं की शक्ति है।

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य

अमृत काल में पीएम मोदी के पंच-प्रण के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पांच-प्रण का स्मरण कराते हुए कहा कि अगले 25 साल में हमें भारत को विकसित करना है, गुलामी की हर सोच से मुक्त होना है, अपने विरासत पर गर्व करना है, देश में एकता और एकजुटता को सुदृढ करना है और हमें अपने कर्तव्यों का पालन करना है।

पूरी दुनिया को मदद दे रहा भारत

अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा भारत कभी मदद मांगने वाला देश था और अभी पूरी दुनिया को मदद दे रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने महामारी के दौर में दूसरे देशों को 13 मिलियन को कोरोना वैक्सीन भेजी।हमारी सरकार की पहल से ही कश्मीर में धारा 370 हटा। जिसके बाद आज जम्मू कश्मीर के लाल चौक में तिरंगा फहरा रहा है। देश के युवाओं के सामने हर दिन नई चुनौती है। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से किसी एक क्षेत्र में बदलाव की अपील की।उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हमें कोरोना में आपदा को अवसर में बदलने की बात कही थी।

युवाओं के कौशल विकास के लिए पर्याप्त बजट

उन्होंने कहा कि जब दुनिया में कोविड जैसी महामारी आई तो विदेशी विद्वानों ने कहा भारत में लाखों लोग इस बीमार से ग्रसित होकर मारे जाएंगे लेकिन पीएम की दूरदृष्टि और हमारे वैज्ञानिकों की तत्परता से दो स्वदेश वैक्सीन विकसित कर देश ने 220 करोड़ डोज आम जनता को लगाकर इस आपदा से मुक्ति पाई। उन्होंने बताया कि वर्तमान बजट में युवाओं के कौशल विकास के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया ताकि वे नए-नए कौशल सीखकर वर्तमान मांग के अनुरूप रोजगार पा सकें। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा युवा संवाद आए युवाओं के जिज्ञासाओं का भी समाधान किया ।

छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेलो इंडिया के तहत देशभर में एक हजार केंद्र खोल रहे हैं, अभी तक 750 से ज्यादा केंद्र खुल चुके हैं। साथ ही योग में भी रोजगार के बहुत अवसर हैं। निजी स्कूल, कंपनी और लोग योग सीखने के लिए योग प्रशिक्षक रख रहे हैं, विदेशों में योग प्रशिक्षक की बहुत मांग है।

More From Author

महाधिवेशन में राहुल गांधी बोले – भारत जोड़ो यात्रा में हाथ पकड़ते ही लोगों का दर्द समझा

मजबूत कांग्रेस बुलंद भारत, राष्ट्रीय महाधिवेशन के समापन में खरगे ने दिया नया नारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *