जिला अस्पताल और अजीजगंज मोहल्ला में नुक्कड़ नाटक के जरिये दिया फाइलेरिया से बचाव का सन्देश

नुक्कड़ नाटक देखकर कहा- फाइलेरिया से बचाव की दवा खुद खाएंगे, परिवार वालों को भी खिलाएंगे
शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)।
व्यायाम करो…व्यायाम करो, जागिंग और व्यायाम करो…रहना है सेहतमंद तो व्यायाम करो… इस तरह के संदेश पं. राम प्रसाद बिस्मिल संयुक्त जिला चिकित्सालय और अजीजगंज मोहल्ले के लोगों ने देखा तो बरबस खिंचे चले आये। कलाकारों ने जब फाइलेरिया बीमारी की गंभीरता समझाई और बचाव का सन्देश दिया तो नाटक देख रहे लोगों ने कहा हम भी फाइलेरिया से बचाव की दवा खाएंगे और परिवारवालों को भी दवा खिलाएंगे।
जनपद में फाइलेरिया से बचाव के लिए सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को दवा खिला रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से गुरुवार को नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। अनुकृति नाट्य मंच के कलाकारों ने पहले अजीजगंज मोहल्ला और फिर जिला अस्पताल में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। कलाकारों ने नाटक के जरिए फाइलेरिया की गंभीरता समझाई। इसके साथ ही एमडीए राउंड के दौरान दवा खाने की अपील की। समुदाय को फाइलेरिया के लक्षण बताने के साथ ही उससे बचाव के तरीकों और दवा सेवन का संदेश अनोखे अंदाज में दिया।
नाटक प्रस्तुति के दौरान पीसीआई संस्था के कोऑर्डिनेटर शमीम और विभाग के अन्य लोग भी मौजूद रहे जिन्होंने लोगों को दवा सेवन का लाभ बताया और फाइलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव के बारे में जागरूक किया। लोगों से अपील की कि मच्छरदानी का प्रयोग करें। कहीं जलजमाव न होने दें। साफ-सफाई रखें। कलाकारों में संजीव कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, अभिनय अग्निहोत्री, सोनू, कामिनी, अयुष शामिल थे।
कलाकारों ने यह भी संदेश दिया कि यह दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। सामान्य लोगों को इन दवाओं के सेवन से कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है। दवा के सेवन के बाद उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे लक्षण नजर आएं तो घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह इस बात का प्रतीक है कि उस व्यक्ति के शरीर में फाइलेरिया के कृमि मौजूद हैं जो दवा खाने के बाद मरने के कारण ऐसे लक्षण उत्पन्न होते हैं। जो स्वतः ही ठीक हो जाते है। साल में केवल एक बार लगातार पांच साल फाइलेरिया रोधी दवाएं खाने से इस बीमारी से बचा जा सकता है।
कलाकारों ने यह भी बताया कि दो साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को छोड़कर यह दवा हर किसी को खानी है। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।
इस मौके पर ममता, विनोद कुमार, इन्द्रपाल, जोगिन्द्र ने भरोसा दिलाया कि वह दवा का खुद सेवन करेंगे और परिवार व आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एस.पी.गंगवार ने बताया कि नुक्कड़ नाटक से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक संदेश पहुंचेगा और इसका फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान काफी फायदा मिलेगा।

More From Author

जिलाधिकारी ने विजेता टीमों को किया सम्मानित

AMAR PRABHAT 23 FEB 2023

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *