सरकारी अस्पतालों में बीते 15 दिन में जन्मी 20 नवजात बच्चियों का सम्मान
अभिभावकों ने कहा कि बालक व बालिका में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं, दोनों को आगे बढ़ाने के सामान अवसर प्रदान करेंगे
शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बेटियों के जन्म लेने और कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध रोकने के लिए सोमवार को जलालाबाद और सिंधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया।
सिंधौली सीएचसी पर डॉ. संध्या पाठक व प्रभारी महिला कल्याण अधिकारी अमृता दीक्षित तथा सीएचसी जलालाबाद पर डॉ. अमित यादव की उपस्थिति में सरकारी अस्पताल में पिछले 15 दिन के भीतर जन्मी 20 नवजात बच्चियों की माताओं द्वारा केक काटकर बेटी जन्मोत्सव मनाया गया। बच्चियों और महिलाओं को उपहार व मिठाई देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों ने कहा कि बालक व बालिका में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करते हुए दोनों को आगे बढ़ाने के सामान अवसर प्रदान करेंगे।
सिंधौली सीएचसी में प्रभारी महिला कल्याण अधिकारी अमृता दीक्षित ने महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की पात्रता की अर्हताएं एवं आनलाइन प्रक्रिया के विषय में जानकारी दी। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के विषय में भी बताया जिसमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना आदि शामिल हैं।
जलालाबाद सीएचसी पर महिला शक्ति केंद्र की जिला समन्वयक कीर्ती मिश्रा ने उपरोक्त जानकारी सहित सभी टोल फ्री नंबर-181, 1090, 112, 108, 102, 1098, 1076 की जानकारी दी। एमओआईसी डॉ. अमित यादव और डॉ. संध्या पाठक ने बताया कि सरकार कन्याओं के सम्मान और उनको आगे बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। इसी अभियान के तहत सरकारी अस्पतालों में पैदा होने वाली कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया जाता है।
कन्या जन्मोत्सव के अवसर पर माता ममता ने बताया कि बेटी मेरा अभिमान है। वह बेटा-बेटी में न तो स्वयं कोई अंतर करेंगी और न ही परिवार के किसी सदस्य को करने देंगी। इस अवसर परकेस वर्कर प्रियांशी द्विवेदी, सौरभ कुमार, अनिल दीक्षित, रुचि आंगनवाड़ी, आशा संगिनी आदि स्टाफ मौजूद रहा।