पांच लोगों पर आग लगाकर हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज

भावलखेड़ा/शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा में 14 फरवरी को छेड़छाड़ का आरोप लगने पर 22 वर्षीय सद्दाम ने खुद को आग लगा ली थी। 17 फरवरी को मेडिकल कॉलेज लखनऊ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में पीड़ित के पिता की ओर से पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एक राय होकर आग लगाकर हत्या किए जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा निवासी फिरोज ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मोहल्ले में ही रहने वाली एक युवती से उनके पुत्र सद्दाम का प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के मामा समेत अन्य परिवार वाले इसी बात को लेकर सद्दाम से खुन्नस मान रहे थे। 14 फरवरी को सद्दाम अपने दादा के घर जा रहा था। तभी रास्ते में युवती के परिवार वालों ने उसे पकड़ कर घर में खींच लिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आनन-फानन में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया था। लखनऊ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन अरविंद सिंह चैहान ने बताया कि मामले में मृतक के पिता की ओर से युवती, उसके मामा समेत पांच लोगों के खिलाफ एक राय होकर पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के मजिस्ट्रेटियल बयान पूर्व में दर्ज किए जा चुके हैं।

More From Author

लॉ कालेज में होगा 1 मार्च को दीक्षान्त

जिला चिकित्सालय का नगर मजिस्ट्रेट ने किया आकस्मिक निरीक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *