बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत चरकपथली-इन्द्रावतीपुर-सनावल क्षेत्र में खैरवार, खेरवार और खरवार समाज की लंबे समय से चली आ रही सामुदायिक भवन की मांग पूरी हो गई है। मंगलवार को प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने अपने वादे के अनुरूप 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस अवसर पर करमा महोत्सव एवं जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें मंत्री नेताम अपनी धर्मपत्नी पुष्पा नेताम के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सामुदायिक भवन की सौगात मिलने पर समाज के प्रबुद्धजनों और ग्रामीणों ने मंत्री का आभार जताया। यह भवन केवल खैरवार समाज के उपयोग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र के सभी वर्गों के लोग यहां बैठक, सामाजिक आयोजन और अन्य सामुदायिक गतिविधियां कर सकेंगे। इससे क्षेत्र में सामाजिक मेलजोल, आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकता और जागरूकता में होती है। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर आगे बढ़ने और सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार से ही सशक्त समाज का निर्माण होता है। इसलिए महिलाओं और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक या अन्य तरीकों के बजाय नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से इन स्वास्थ्य केंद्रों में योग्य चिकित्सक और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। बिजली, सड़क और अन्य अधोसंरचना से जुड़े कई कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में खैरवार समाज के प्रदेश अध्यक्ष बुद्धदेव सिंह, राम किशुन सिंह, धर्मजीत सिंह, अंकुश सिंह सहित समाज के पदाधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता सच्चिदानंद कांत, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रणवीर साय, समाज के वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
