बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां गलत संगत से बचाने और रात में बाहर घूमने से रोकने पर एक पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने खाट के पाए से दादी पर ताबड़तोड़ वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी कमरे में दादी के शव के पास बैठा रहा और खुद फोन कर अपने पिता व रिश्तेदार को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी का है।
पुलिस के अनुसार, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा निवासी नरबदा कोशले अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले के साथ रहती थीं। नरबदा के पति तिरिथराम का निधन हो चुका है। वहीं, उनका बेटा साजन कोशले परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने के लिए उंटी गया हुआ था। ऐसे में घर में दादी और पोता ही रहते थे।
बताया जा रहा है कि माता-पिता के बाहर रहने के दौरान बब्बू देर रात तक घर से बाहर घूमता रहता था। उसकी इस आदत को लेकर दादी अक्सर उसे समझाती थीं और रात में बाहर जाने से मना करती थीं। दादी को चिंता थी कि कहीं उनका पोता गलत संगत में न पड़ जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
बीती रात भी दादी ने उसे देर रात बाहर जाने से रोका। रोज-रोज की रोक-टोक से नाराज बब्बू ने आपा खो दिया और घर में रखे खाट के पाए से दादी पर हमला कर दिया। उसने बुजुर्ग महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दादी के शव के पास बैठा रहा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। उसने दरवाजे को अंदर से लॉक कर दिया और दादी के शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन किया। फोन पर उसने साफ तौर पर बताया कि उसने दादी की हत्या कर दी है। उसने हत्या की वजह भी बताई और कहा कि दादी उसे रोज रात में बाहर जाने से रोकती थी।
पोते का फोन आने के बाद भगवत महिलांगे तत्काल मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। कमरे में उनकी बहन नरबदा कोशले का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा खोला और खुद बाहर आकर पुलिस वाहन में बैठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद और हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
