धमतरी. दिपावली त्यौहार से पहले खाद्य विभाग एक्शन मोड में आ गया है. धमतरी के दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की टीम औचक निरीक्षण किया. इस दौरान करीब 30 सैंपल कलेक्ट किए गए हैं, जिनकी जांच के लिए लैब भेजा गया है. जांच के दौरान कुछ जगहों पर गंदगी के बीच मिठाई और नमकीन तैयार होते मिले.
दरअसल, त्यौहारी सीजन में बाजार में नकली पनीर, खोवा और अन्य खाद्य सामग्री में जमकर मिलावट की शिकायतें सामने आती हैं. ऐसे में खाद्य विभाग ने दो दर्जन से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक कार्रवाई की है. स्थानों से संदिग्ध लगने पर सैंपल लिए गए, जिसकी जांच के लिए भेजा गया है.
कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई के अभाव के बीच मिठाईयां और नमकीन तैयारी करते पाया गया. खाद्य विभाग की ओर से 4 संस्थानों को चेतावनी देते हुए लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है.
पिथौरा खाद्य अधिकारी फनेश्वर ने बताया कि लगभग 25 से 30 संस्थानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है. वहीं 4 संस्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने के कारण लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई है. त्यौहार के मद्देनजर यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि एक साल के भीतर विभाग ने तीन लाख 95 हजार का जुर्माना वसूला है.
खाद्य विभाग ने यह कार्रवाई ऐसे समय में की है, जब दिवाली के लिए बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. कई लोग मिठाइयां खरीद चुके हैं, जबकि कुछ खरीदारी की तैयारी में हैं. वहीं जांच के लिए लिए गए नमूनों की लैब रिपोर्ट आने में अभी समय लगेगा. ऐसे में रिपोर्ट आने तक लोगों को मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय खुद ही सतर्क रहना होगा.
