जज की पिटाई, ग्रामीणों ने इंजीनियर पर लात-घूंसे बरसाए:छत्तीसगढ़ में मारपीट की 3 घटनाएं; शराब पीने से रोकने पर भिड़े 2 पक्ष

छत्तीसगढ़ में मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। बिलासपुर में बिजली ऑपरेटर की मौत के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के डिवीजनल इंजीनियर को घेरकर पीट दिया। वहीं, जन्मदिन पर शोर-शराबे का विरोध करने पर प्रॉपर्टी डीलर ने जज और उनके परिवार के साथ मारपीट की। इधर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सरपंच के शराब पीने से रोकने पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसमें करीब 9 लोग घायल हुए हैं।

तीनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर में बिजली विभाग के DE की शिकायत पर देर रात FIR दर्ज की गई है। वहीं, जज और उनके परिवार से मारपीट के मामले में काउंटर FIR हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कुशभाठा में दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं।
केस 1 – ग्रामीणों ने डिवीजनल इंजीनियर को पीटा

बिलासपुर में बिजली ऑपरेटर की मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे लोगों ने बिजली विभाग के डिवीजनल इंजीनियर (डीई) मिलिंद पांडेय को घेरकर जमकर पीट दिया। भीड़ ने उन पर लात-घूंसे बरसाए और चप्पलों से भी हमला किया।इस दौरान मौके पर मौजूद दो आरक्षकों ने किसी तरह डीई को भीड़ से बाहर निकाला। मारपीट में उनके कपड़े फट गए और शरीर पर चोटें आईं है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वहीं, देर रात डीई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। घटना हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम कुरेली की है।

करंट लगने से ऑपरेटर की मौत, शव उठाने नहीं दिया

जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर सुबह कुरेली सब स्टेशन में तैनात ढनढन निवासी अमन साहू (35) की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। वे मृतक के परिवार को मुआवजा और नौकरी देने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने ठेकेदार और बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाने की मांग की।

इसके बाद डीएसपी राजेश जोशी, डीई मिलिंद पांडेय और विभाग के अन्य अधिकारी गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांगों पर लिखित आश्वासन देने को कहा। दोपहर करीब 3:15 बजे डीई कुछ ग्रामीणों से बातचीत करने थोड़ी दूर गए। इसी दौरान भीड़ ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
बिना चप्पल पहने सब स्टेशन में काम कर रहा था ऑपरेटर

कोटवार ने पुलिस को बताया कि, ऑपरेटर अमन सब स्टेशन में बिना चप्पल पहने काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। कुछ लोगों के मुताबिक, अमन सब स्टेशन में ही रहता था। नहाने के बाद फीडर ट्रिप होने पर वह उसे चालू करने गया था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
केस 2: प्रॉपर्टी डीलर और जज के बीच विवाद

जानकारी के मुताबिक, न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी महासमुंद के कुटुंब न्यायालय में पदस्थ हैं। 31 अक्टूबर की रात में घर में परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज में नगाड़े बजने और पटाखे फोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया।

जज की पिटाई का आरोप

थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शोर की वजह जानने और उसे बंद कराने के लिए न्यायाधीश घर से नीचे पहुंचे। तभी प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ और उसके साथी विवाद करने लगे और उनके साथ छीना-झपटी शुरू कर दी। आरोप है कि जज और उनके परिवार वालों को पीटा गया।

दोनों पक्षों की ओर से काउंटर FIR

घटना राजकिशोर नगर के जूनियर एमआईजी क्षेत्र की है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर FIR दर्ज कराई गई है। न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी की शिकायत पर प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मगरपारा निवासी विनय वैद्य की शिकायत पर न्यायाधीश समेत 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
केस 3: शराब पीने से रोकने पर 2 पक्षों में मारपीट

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र के ग्राम कुशभाठा में शराब पीने से रोकने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। घटना में दोनों पक्षों के करीब 9 लोगों को चोटें आई है।

मामले में सलिहा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। दोनों एफआईआर में कुल 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

बंद LIC पॉलिसी की रकम लौटाने के नाम पर ठगी:खुद को NCDRC और RBI का अधिकारी बताकर 69 लाख ठगे, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.