कारोबार के नाम पर 300 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी, भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष झारखंड से गिरफ्तार

रायपुर। गुजरात, पश्चिम बंगाल और झारखंड में कारोबार के नाम पर 300 से करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने भिलाई जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को झारखंड से गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

करीब 13 महीने से फरार चल रहा आरोपी झारखंड के एक थाने में सरेंडर करने पहुंचा था, तभी कोलकाता पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उसे थाने के बाहर से ही दबोच लिया। संदीप और उसके परिजनों पर व्यापार की आड़ में साथियों के साथ मिलकर 300 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि के गबन का गंभीर आरोप है। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। तीनों राज्यों की पुलिस अहमदाबाद, गांधीधाम, भुवनेश्वर, रायपुर, भिलाई और कोलकाता समेत कई संभावित ठिकानों पर उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संदीप भिलाई में खुद को भाजपा नेता बताकर प्रभाव जमाता था और कार्रवाई से बचने के लिए राजनीतिक रसूख का सहारा लेता था। वह गुजरात के डीसीबी थाने से जुड़े एक मामले में पहले से जमानत पर था, जहां पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। झारखंड पुलिस ने भी अदालत के आदेश पर उसके आवास पर नोटिस चस्पा किया था।

इस संगठित ठगी में संदीप का पूरा परिवार शामिल रहा है। उसके दोनों बड़े भाई संजय और सचिन अग्रवाल भी मामलों में नामजद अभियुक्त हैं। दोनों के खिलाफ पूर्व में लुक आउट सर्कुलर (एलओसी ) जारी हुआ था। दोनों गांधीधाम और धनबाद की जेलों में करीब 13 महीने बंद रहने के बाद हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर बाहर आए हैं। संजय अग्रवाल की पत्नी राखी भी सह अभियुक्त हैं, जो धनबाद जेल में दो महीने रहने के बाद जमानत पर छुटी है।

More From Author

हवाला का बड़ा खेल: रोजाना राजधानी से 60 करोड़ का कारोबार, 1 लाख रुपए भेजने पर 2 हजार तक कमीशन

जगंल के बीच सराफा व्यापारी से 50 लाख की लूट, जेवरात और कैश लेकर भागे बदमाश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *