गुणातिलक पर कथित यौन उत्पीड़न के दौरान लगातार महिला का गला दबाने का आरोप

सिडनी. श्रीलंका के क्रिकेटर धनुष्का गुणातिलक ने बलात्कार के कथित प्रयास के दौरान महिला को गला दबाकर लगभग मार ही दिया था. मीडिया की खबरों में पुलिस दस्तावेजों के हवाले से ऐसा दावा किया गया है. महिला ने आरोप लगाया है कि श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गुणातिलक ने उसके साथ डेट पर जाने के दौरान दो नवंबर को सिडनी के रोज बे में उसके घर पर चार बार उसका यौन उत्पीड़न किया. गुणातिलक मौजूदा टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली श्रीलंका की टीम का हिस्सा थे.

सिडनी पुलिस ने बाद में 31 साल के गुणातिलक को टीम होटल से गिरफ्तार किया जबकि श्रीलंका की टीम के अन्य सदस्य टीम के सुपर 12 चरण से बाहर होने के बाद स्वदेश लौट गए. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को सोमवार को जमानत नहीं मिली और उन्हें अधिकतम 14 साल जेल की सजा का सामना करना पड़ सकता है.

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि यौन उत्पीड़न के दौरान गुणातिलक ने तीन बार उनका गला दबाने का प्रयास किया.
आॅस्ट्रेलिया की मीडिया ने पुलिस दस्तावेजों के हवाले से कहा, ‘‘शिकायतकर्ता ने आरोपी की कलाई पकड़कर उसका हाथ हटाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने गले को और जोर से दबाया. शिकायतकर्ता को अपनी जान जाने का डर था और वह आरोपी की पकड़ से नहीं छूट पा रही थी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह लगातार आरोपी की पकड़ से दूर होने का प्रयास कर रही थी जो स्पष्ट संकेत है कि जो हो रहा था वह उसकी मर्जी से नहीं हो रहा था.’’ इस मामले की अगली सुनवाई 12 जनवरी को होगी.

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गुणातिलक को खेल के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया है. इस घटना से शर्मसार श्रीलंका सरकार ने एसएसली को इस मामले की तुरंत जांच कराने को कहा है. गुणातिलक नामीबिया के खिलाफ श्रीलंका के पहले दौर के मैच में खेले थे और खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए थे.

वह बाद में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे लेकिन टीम के सुपर 12 चरण में जगह बनाने के बाद वह टीम के साथ जुड़े रहे.
गुणातिलक का विवादों से पुराना नाता रहा है. इससे पहले 2021 में इंग्लैंड दौरे में अपने साथी कुसाल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के साथ टीम के जैव सुरक्षित वातावरण का उल्लंघन करने के कारण श्रीलंका बोर्ड ने उसे एक साल के लिए निलंबित कर दिया था.

बोर्ड ने 2018 में भी टीम के नियमों का उल्लंघन करने पर उसे छह माह के लिए प्रतिबंधित कर दिया था. उसी वर्ष गुणातिलक को निलंबन झेलना पड़ा था क्योंकि उसके एक अज्ञात दोस्त पर नार्वे की महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा था. बोर्ड ने 2017 में भी अभ्यास सत्र में नहीं आने और एक मैच के लिए क्रिकेट के अपने सामान के बिना पहुंचने पर गुणातिलक को सीमित ओवरों के छह मैचों के लिए निलंबित कर दिया था. गुणातिलक ने श्रीलंका की तरफ से आठ टेस्ट, 47 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.

More From Author

तीन दक्षिणी राज्यों में राज्यपाल बनाम सरकार टकराव बढ़ा, द्रमुक ने रवि को हटाने की मांग की

छत्तीसगढ़ : भाजपा ने आदिवासी आरक्षण को लेकर किया चक्का जाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *