तिलहर/शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। बाल मजदूरी के खिलाफ एसडीएम राशि कृष्णा एवं चाइल्ड केयर अधिकारियों की टीम ने कई दुकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों को नौ बाल श्रमिक दुकानों पर काम करते मिले, जिस पर अधिकारियों ने दुकान मालिकों को नोटिस जारी किए। कई व्यापारियों ने छापेमारी का विरोध कर अधिकारियों पर कई आरोप लगाए।
एसडीएम राशि कृष्णा ने बताया कि नगर क्षेत्र की दुकानों एवं कारखानों पर अवैध रूप से बच्चों को मजदूरी में धकेलने और बाल श्रम कराने की शिकायतें मिल रही थी। इसको लेकर शुक्रवार को चाइल्ड केयर अधिकारी भूरेलाल एवं घनश्याम वर्मा, कोऑर्डिनेटर अजय पाल के साथ एसडीएम ने होटलों, वर्कशॉप, चाय दुकान, किराना दुकान आदि पर छापे मारे। चाइल्ड केयर अधिकारी भूरे लाल ने बताया कि छापेमारी में दुकानों एवं कारखानों पर 9 बच्चे बाल मजदूरी करते हुए मिले हैं, जिनकी रिपोर्ट बना ली गई है। उन्होंने बताया कि जिन दुकानों एवं कारखानों पर यह बच्चे काम कर रहे थे उनको नोटिस जारी कर दिए गए हैं। नोटिस का जवाब सही नहीं मिलने पर जुर्माना सहित मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।