शाहजहांपुर (सूवि)। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि विभागीय योजनाओं से सभी पात्रों को लाभान्वित किया जाये तथा शिकायतकर्ताओं की शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापरक निस्तारण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित किया जाये। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि झटपट पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। अवैध प्लास्टिक जब्त करने हेतु टीमें गठित करते हुये विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों के माध्यम से संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं से अधिक से अधिक पात्रों को लाभन्वित किये जाने हेतु सभी ग्राम प्रधानों की वीडियों काॅन्फ्रेन्सिग के माध्यम से प्रशिक्षण के निर्देश दिये। उन्होने मनरेगा के कार्यो के अन्तर्गत सृजित मानव दिवसों का जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम के माध्यम से कराये जाने के निर्देश दिये। कोल्ड स्टोरेज में अनुमन्य सामग्री नियमानुसार ही रखी जाये यह सुनिश्चित करने हेतु भी जिलाधिकारी ने निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके विकास खण्ड में संचालित सभी योजनाओं की नियमित रूप से समीक्षा कर प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें, जिससे जनता को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि रिक्त दुकानों का आवंटन प्राथमिकता के आधार सुनिश्चित कराया जाये। बैठक के दौरान जिला खनन अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अनुपस्थित होने पर जवाब तलब करने हेतु निर्देशित किया। जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान पायी गयी कमियों के सम्बन्ध में एटीआर उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये।
चीनी मिलों में लंबित भुगतान शीघ्र कराए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मकसूदापुर चीनी मिल द्वारा निर्धारित समय में पूरा भुगतान न किए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही तिलहर एवं पुवायां चीनी मिलों को भुगतान बढ़ाए जाने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि बैंको द्वारा संचालित योजनाओं में अनावश्यक रूप से विलम्ब पाये जाने पर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने सभी एम्बुलेंस में अन्य सुविधाओं के साथ-साथ आॅक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। आगामी होली के पर्व पर आयोजित होने वाले छोटे लाट साहब एवं बड़े लाट साहब के जुलूस के मार्ग को एक सप्ताह के भीतर दुरूस्त किये जाने हेतु भी निर्देशित किया।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों के प्लेसमेंट की सूचना संकलित कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन ठीक अवस्था में हो, यह सुनिश्चित किए जाये। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजनाओं, मनरेगा, मत्स्य पालन हेतु तालाबों का आवंटन, आयुष्मान भारत योजना, पशुओं का टीकाकरण, फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वरोजगार योजनाओं सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि रिस्टोरेशन का कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाये। लोगो को शुद्ध पेयजल के प्रयोग के लाभ के विषय में जागरूक किया जाये। उन्होने एफएसटीसी की प्रगति बढ़ाये जाने के निर्देश भी दिये। साथ ही शेष डीपीआर शीघ्र प्रस्तुत करने हेतु भी निर्देशित किया। बैठक के दौरान जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति द्वारा 33 डीपीआर स्वीकृति हेतु प्रस्तुत की गयी।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्याम बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 आरके गौतम, परियोजना निदेशक डीआरडीए अवधेश राम सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।