सड़कों की खोदाई से धूल का गुबार और जाम कर रहा परेशान

शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। सीवर लाइन की खोदाई आम लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। खोदाई के चलते लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है, साथ ही सड़कों पर मरम्मत का कार्य न होने के चलते धूल का गुबार कारोबारियों को दिक्कत में डाल रहा है। उनका कारोबार भी चैपट हो गया है। लोगों में काम पूर्ण होने के बाद मरम्मत नहीं कराए जाने को लेकर नाराजगी है।
शहर में सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई का कार्य पिछले कई महीने से कराया जा रहा। लाल इमली चैराहा से सुभाषनगर जाने वाली सड़क को लगातार 20 दिन तक खोदाई के कारण बंद रखा गया। उस रोड पर सीवर लाइन का कार्य पूर्ण हो गया, लेकिन रोड को समतल नहीं किया गया है। सड़क की हालत काफी ज्यादा खराब हो गई। वाहनों को भी निकलने में काफी परेशानी हो रही है।
सड़क के बीच में खोदाई के चलते लोगों का उस ओर से निकलना दूभर है। हाल यह है कि धूल के गुबार के चलते व्यापारियों ने मास्क लगाना शुरू कर दिया। धूल के चलते उनकी दुकानों पर ग्राहकों ने आना बंद कर दिया है। यह सड़क अभी पूरी तरह से सही नहीं हो पाई थी कि जल निगम ने लाल इमली चैराहे से उस्मानबाग पुलिस चैकी के बीच में खोदाई शुरू कर लोगों को परेशानी में डाल दिया। यह रोड अधिक व्यस्त होने के कारण पूरे दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। जाम से निपटने के लिए यहां पर दो सिपाहियों की ड्यूटी लगा रखी है। फिर भी जाम से निजात नहीं मिल पा रही है।
शहर के सबसे व्यस्त चैराहा खिरनीबाग के पास शहीद स्तंभ के पास खोदाई की गई थी। यह सड़क भी सही नहीं की गई। मिट्टी डालकर जगह को समतल कर दिया गया। कमियों को छिपाने के लिए पुलिस के बैरियर चारों ओर लगा दिए गए हैं।
खोदाई के नाम पर सड़कों की दुर्दशा को लेकर अधिकारियों की भी नहीं चल रही है। डीएम से लेकर नगर मजिस्ट्रेट तक निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दे चुके हैं। उसके बाद भी मनमाने तरीके से काम कराया जा रहा। जल निगम के अधिकारी पुलिस से भी समन्वय स्थापित नहीं कर रहे हैं, ऐसे में खोदाई के चलते रूट डायवर्ट न होने से लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।
कार्य को जल्द ही पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा। इसलिए लेबर भी बढ़ा दी गई है। मरम्मत का काम भी शुरू कराकर लोगों को राहत दी जाएगी। – संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त

More From Author

धूप पर हावी रहे सर्द हवा के थपेड़े

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *