धूप पर हावी रहे सर्द हवा के थपेड़े

शाहजहांपुर (बीएपी संवाद)। वायुदाब में वृद्धि होने के साथ ही पूर्वोत्तर दिशा की हवा ने रफ्तार बढ़ाई तो रात में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री घटकर 11.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। रविवार सुबह से धूप निकली तो आर्द्रता में कमी आने के साथ ही फरवरी में अप्रैल जैसी शुष्क हवा के अंधड़ चलने लगे। इस वजह से दिन में अधिकतम तापमान दो डिग्री घटकर 25 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, रविवार शाम से वायुदाब में कमी के कारण रात से सोमवार सुबह तक हल्की धुंध छाई रहेगी।
गत दो दिन से बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से कम बना रहने के कारण हवा की गति बहुत धीमी रही। इस वजह से दिन में धूप का तीखापन बढ़ता रहा। इसीलिए दो दिन तक तापमान भी बढ़ता रहा, लेकिन बीती शाम से वायुदाब में उछाल आते ही हवा की दिशा और गति में विचलन होने लगा। दिशाहीन हवा के झोंके तेज थपेड़ों में बदले तो आधी रात से घरों में खिड़कियां-दरवाजे तेज आवाज के साथ टकराने लगे। हालांकि, हवा की गति ज्यादा होने से ऊंचाई पर छाई धुंध भी ठहर नहीं सकी। आसमान साफ हुआ तो रात में ठिठुरन भी बढ़ गई।
सुबह लोग बिस्तर छोड़कर घरों के बाहर आए तो उन्हें सर्द हवा का सामना करना पड़ा। सूर्योदय के बाद धूप निकलने पर मौसम सामान्य हुआ तो जनजीवन भी पटरी पर लौटने लगा। धूप के असर से दोपहर तक उन लोगों को गर्मी महसूस होने लगी जो ऊपर से नीचे तक गर्म कपड़ों से लैस होकर घरों से निकले।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि वातावरण में नमी का स्तर शुष्क हवा से लगातार कम हो रहा है। इसलिए अब कोहरा छाने की संभावना नहीं है।

More From Author

विनोबा स्वास्थ्य सेवा रथ का शुभारंभ, घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

सड़कों की खोदाई से धूल का गुबार और जाम कर रहा परेशान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *