नई दिल्ली। दिपावली पर पटाखे पर दिल्ली में पूरी तरह से प्रतिबंध है तो दूसरे राज्यों में ग्रीन पटाखों की बिक्री हो सकती है। लेकिन इस बार भी पटाखे जलाने वालों को कई जगह ऑनलाइन- ऑफलाइन पटाखा खरीदने के अवसर मिल रहे हैं। हालांकि पटाखों पर मिलने वाली ऑनलाइन डील में छूट नहीं मिल रही है। जबकि पटाखों को दुकानों से चोरी छिपे पटाखे खरीदने पर भी कोई छूट की उम्मीद बेकार है।
अनार, मिर्ची, चकरी सब मिल रहा है
इस बार कई वेबसाइट और ऐप्स ऐसी हैं जो ऑनलाइन पटाखे बेच रही हैं, इसमें अनार, फुलझड़ी, चकरी, मिर्ची, सुतली बम्ब जैसे पटाखे शामिल हैं। यह पटाखे वाले ऑनलाइन खरीद के बाद डिलीवरी तक की सुविधा दे रहे हैं। हालांकि कई वेबसाइट पर दिल्ली- एनसीआर के कुछ शहरों में डिलीवरी नहीं दिए जाने के विकल्प भी आ जाते हैं।
कहां हैं ऑनलाइन पटाखों की दुकानें
त्योहारों का सीजन शुरू होते ही ऑनलाइन ग्रॉसरी, इलेक्ट्रिक सहित सभी प्रकार के सामान की बिक्री हो रही है। पटाखों को ऑनलाइन जरूर नहीं खरीदा गया है लेकिन अब इसके लिए सर्च इंजन की सहायता भी मिलेगी। अगर पटाखों को लेकर गूगल पर देखें तो पता चलता है कि ऑनलाइन पटाखे बेचने वाली कई वेबसाइट्स मौजूद हैं।
इन वेबसाइट्स में ओवरक्रैकर्स, पटाकेवाला, रतनाफायर वर्कर्स, सोनी फायरवक्र्स, गुडविल फायर वर्कर्स, शार्कक्रैकर्स ऑनलाइन, कॉक ब्रांड, सोनी फायरवर्क, शिवकासी पटाखा जोन, फेस्टिव जोन आदि कई वेबसाइट शामिल हैं।
वेबसाइट पर लोकेशन देखकर डिलीवरी का है विकल्प
वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पटाखे खरीद सकते हैं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि वह आपके घर वाली लोकेशन पर डिलीवरी करेगा या नहीं। इसके लिए वेबसाइट में अपनी लोकेशन डालकर जरूर देखें। दरअसल, कई वेबसाइट सभी लोकेशन खासतौर पर दिल्ली में पटाखों की डिलीवरी नहीं करती हैं।
गुरुग्राम, एनसीआर से दिल्ली पहुंच रहे पटाखे
गुरुग्राम के एक पटाखा विक्रेता देवेंद्र बताते हैं, मैंने पूछा तो नहीं लेकिन हां, कई लोगों ने खुद बताया कि वे दिल्ली से आए हैं। गाड़ी के नंबर से पहचाना कि वे दिल्ली से आए हैं। दिल्ली में पूरी तरह पटाखे पर बैन है, इसलिए पटाखे खरीदने आने वालों की संख्या पिछले सालों की तरह ज्यादा नहीं है लेकिन लोग आ रहे हैं। लोग दिवाली से पहले ही पटाखे एडवांस में ले रहे हैं ताकि उस समय समस्या न आए।
लड़ी, बंदूक सहित हवा वाले बम की मांग
चीन में बनी लड़ियों की मांग है तो वहीं जिन पटाखों में आवाज आती है उनकी ज्यादा मांग है। वहीं बंदूक, छोटे पटाखे जो बच्चों को आकर्षित करते हैं उनको भी मांगने वाले बहुत आ रहे हैं। कोटला में एक दुकान पर बैठे दुकानदार साफ मना करते हैं कि दीपावली पर पटाखों पर प्रतिबंध है, जबकि वहीं करोलबाग की एक दुकान के बारे में बताते हुए एक युवक ने कहा कि यह दुकानदार पहले तो मना कर देगा लेकिन बाद में नाम बताओ और एक गुप्त कोड वाला नाम बताओ तो पटाखे मिल जाएंगे।
दिल्ली में पटाखे की डिलीवरी नहीं, एनसीआर से आ रहा है माल
ऐप्स पर यूजर्स के रिव्यू और रेटिंग से पता चलता है कि पटाखे कैसे हैं, फुलझड़ी, अनार, चकरी की क्वालिटी कैसी है लेकिन वह कितनी सही है इसकी जानकारी सौ फीसदी सही नहीं है। ये ऐप्स यूपी के नोएडा, मेरठ, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद से लेकर हरियाणा के गुरूग्राम, बल्लभगढ़, फरीदाबाद जैसे शहरों में डिलीवरी दे रहे हैं।
सेल वाली छूट पर ध्यान रखें
ज्यादातर वेबसाइट पटाखों को आधी कीमत पर बेच रही हैं। जब पटाकेवाला डॉट कॉम पर खोला तो वह एमआरपी से कम पर बिक्री कर रहे हैं। यहां 2,250 रुपए कीमत वाली लड़ी का पैकेट करीबन 1,125 रुपए में मिल रहा है। इसी तरह 1,680 रुपए की लड़ी को 840 रुपए में खरीदा जा सकता है। सभी वेबसाइट पर पटाखों को अलग-अलग श्रेणी में रखा गया है और उसी हिसाब से ऑफर भी दिए जा रहे हैं।
एक पटाखा विक्रेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गूगल प्ले स्टोर पर ऐसे कई ऐप्स भी हैं जो पटाखे घर भिजवा रहे हैं। प्ले स्टोर पर दिवाली क्रेकर्स शॉपिंग, पिकॉक, कृष्णा क्रेकर्स, मियाल क्रेकर्स, शिवकासी दिवाली क्रेकर्स, दिवाली क्रेकर्स, मद्रास क्रेकस आदि नजर आए जो डिलीवरी की बात करते हैं।